Headlines

महिलाओं को रक्षाबंधन पर मुफ्त बस यात्रा:27 से 29 अगस्त तक निशुल्क सफर, 60+ महिलाओं को भी जीवनभर मिलेगा लाभ




उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सौगात दी है। 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक सभी महिलाएं अपने सहयात्री के साथ रोडवेज और सिटी बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा रक्षाबंधन के त्योहार के दौरान लागू रहेगी, जिससे मायके जाने वाली बहनों को भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए पहुंचने में आसानी होगी। इसके अतिरिक्त, 29 अगस्त से प्रदेश भर में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में स्थायी रूप से निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह घोषणा ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ के तहत की गई है। लखीमपुर खीरी में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में इस संबंध में एक जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना। मुख्यमंत्री की घोषणा पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक योगेश वर्मा, विधायक विनोद शंकर अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और पालिकाध्यक्ष डॉ. ईरा श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह व मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार के साथ किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में कार्यरत महिला परिचालकों को साड़ी और मिठाई देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अन्य महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने बताया कि तीन दिन तक महिलाएं अपने सहयात्री के साथ निशुल्क बस यात्रा कर सकेंगी, जिससे उन्हें मायके पहुंचने में सहूलियत होगी। विधायक वर्मा ने सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों और शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि तथा पात्र परिवारों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड की सुविधा देने का भी उल्लेख किया। भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ महिलाओं के सम्मान और सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को निशुल्क रोडवेज यात्रा की सुविधा मिलने से बुजुर्ग महिलाओं के लिए धार्मिक और तीर्थस्थलों की यात्रा आसान होगी। विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने देश के प्रमुख तीर्थस्थलों पर मंदिरों के निर्माण और जीर्णोद्धार के माध्यम से भारतीय संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नाम पर शुरू की गई योजना महिलाओं को सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का संयोजन सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक लखीमपुर डिपो गीता सिंह और एआरटीओ शांति भूषण पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। संचालन पीटीओ डॉ. कौशलेंद्र यादव ने किया। इस दौरान जिला महामंत्री राजेश सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमारी, किरण अग्रवाल, जिला मंत्री रश्मि गुप्ता, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष लता श्रीवास्तव, महिला मोर्चा जिला महामंत्री कीर्ति गुप्ता, प्रतिभा भदोरिया, डीसी एनआरएलएम जितेंद्र कुमार मिश्र सहित बड़ी संख्या में जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *