![]()
मुंगेर जिले के नयारामनगर थाना क्षेत्र के कंतपुर गांव में पारिवारिक कलह से परेशान 36 वर्षीय स्वर्णलता कुमारी की फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना के बाद उनके 6 वर्षीय बेटे अभय और 12 वर्षीय बेटी प्रिया के सिर से मां का साया उठ गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पति अमित पंडित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सुबह बेटी ने देखा मां का शव मृतका की गोतनी क्रांति कुमारी के अनुसार, मंगलवार रात शिव चर्चा और पूजा-पाठ के बाद परिवार के सभी लोग सोने चले गए थे। सुबह करीब चार बजे 12 वर्षीय बेटी प्रिया शौचालय जाने के लिए उठी। इसी दौरान उसने अपनी मां को फंदे से लटका देखा और शोर मचाया। इसके बाद परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई। मायके पक्ष ने पति पर लगाए गंभीर आरोप मृतका के मायके पक्ष के रवि और पप्पू कुमार ने पति अमित पंडित पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अमित के अन्य महिलाओं से अवैध संबंध थे और वह पिछले करीब 14 वर्षों से स्वर्णलता को प्रताड़ित कर रहा था। परिजनों ने शव की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि महिला के पैर बेड से सट रहे थे। इसी आधार पर उन्होंने घटना को आत्महत्या के बजाय सुनियोजित हत्या होने की आशंका जताई है। केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी बुधवार शाम थाना में आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया। नयारामनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि महिला की मौत हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source link
मुंगेर में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:कांतपुर गांव में घटना, पति पर अवैध संबंध का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
