Headlines

अंब में बाइक से 60 वर्षीय व्यक्ति को मारी टक्कर:गंभीर हालत में PGI ले जाते समय तोड़ा दम, शादी समारोह में आए थे, आरोपी गिरफ्तार




हिमाचल प्रदेश के ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर दियाडा में मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय कमलजीत सिंह की मौत हो गई। यह हरोली के भदसाली गांव निवासी कमलजीत सिंह हम्बोली में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वह धुसाड़ा स्थित सरगम पैलेस जाने के लिए दियाडा में सड़क किनारे खड़े थे, तभी एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल कमलजीत सिंह को उनके परिजनों ने तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हालांकि, पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही कमलजीत सिंह ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही अंब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। जांच के दौरान पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल (एचपी-19सी-8214) के नंबर के आधार पर चालक का पता लगाया। बाइक चालक की पहचान दियाडा गांव निवासी विशाल सिंह पुत्र जसवीर सिंह के रूप में हुई। स्थानीय लोगों की मदद से उसकी पहचान कर उसे पूछताछ के लिए अंब थाना लाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दियाडा में हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना में शामिल बाइक तथा उसके चालक की पहचान वाहन नंबर और स्थानीय लोगों की मदद से कर ली गई है। आरोपी से पूछताछ जारी है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *