Headlines

गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत:परिजनों ने अस्पताल गेट पर बैठकर जताया विरोध; इलाज में लापरवाही का आरोप




रीवा में पहली डिलीवरी के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया। गुरुवार को दोपहर परिजन अस्पताल के मुख्य गेट पर बैठ गए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। धर्मेंद्र मिश्रा ने बताया कि उनके भाई रामशरण मिश्रा की बेटी कल्पना मिश्रा की शादी बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के हटवा में हुई थी। कल्पना की यह पहली डिलीवरी थी। परिजनों के मुताबिक, उसे दो दिन पहले यानी मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई और गुरुवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों बोले- डॉक्टरों ने नहीं दिया ध्यान
रामशरण मिश्रा का आरोप है कि उन्होंने डॉक्टरों से लगातार कल्पना का चेकअप करने और उसकी हालत देखने के लिए कहा, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। उनका कहना है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने से महिला की हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने अस्पताल के मुख्य गेट पर बैठकर विरोध जताया। परिजनों ने मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने इलाज में लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि महिला का इलाज चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया। डॉक्टरों की ओर से किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई। परिजनों के आरोपों के संबंध में जानकारी ली जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *