Headlines

दो दिन में 400 से ज्यादा उम्मीदवारों ने लिए फॉर्म:पहले दिन एक भी नॉमिनेशन नहीं आया, नामांकन की लास्ट डेट 31 अगस्त




चित्तौड़गढ़ में निकाय चुनाव की गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए दो दिन में 400 से ज्यादा नामांकन फॉर्म लिए गए हैं। हालांकि अभी तक एक भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन जमा नहीं कराया है। एडीएम रावतभाटा राजलक्ष्मी गहलोत ने बताया कि पहले दिन एक भी नामांकन जमा नहीं हुआ, लेकिन फॉर्म लेने वालों की संख्या काफी रही। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को रक्षाबंधन की छुट्टी होने से नामांकन नहीं हो पाएगा। अब शनिवार से उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। 31 अगस्त तक भर सकेंगे नामांकन नगर परिषद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार 31 अगस्त तक सरकारी कार्य दिवसों में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। इसके बाद 1 सितंबर को सभी नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जिन उम्मीदवारों को चुनाव नहीं लड़ना होगा, वे 3 सितंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके अगले दिन यानी 4 सितंबर को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। 9 सितंबर को मतदान चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के सभी 60 वार्डों के लिए मतदान 9 सितंबर को होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 14 सितंबर को होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. मंजू ने बताया कि मतदान के दिन ज्यादा से ज्यादा लोग अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें, इसके लिए राज्य सरकार ने संबंधित क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। चित्तौड़गढ़ जिले में 9 सितंबर और 11 सितंबर को अलग-अलग नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *