![]()
नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के रिटायर होने वाले कर्मचारियों को अब रिटायरमेंट के दिन ही पेंशन संबंधी दस्तावेज मिलेंगे। कर्मचारियों और विभिन्न एसोसिएशनों से मिली शिकायतों के बाद एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने पेंशन प्रक्रिया में बदलाव का फैसला किया है। इसके तहत हर महीने के अंतिम दिन रिटायर होने वाले कर्मचारियों को व्यक्तिगत रूप से पेंशन दस्तावेज सौंपे जाएंगे और उनकी पेंशन बिना देरी बैंक खाते में भेजना सुनिश्चित किया जाएगा। इस पहल के बाद कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन दस्तावेजों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। द्विवेदी ने कहा कि कई कर्मचारियों और एसोसिएशनों ने उनसे मुलाकात कर बताया था कि सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन के कागजात तैयार होने में महीनों लग जाते हैं। इस दौरान कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। बड़ी संख्या में कम वेतन पाने वाले कर्मचारी उन्होंने कहा कि एनडीएमसी में वर्षों तक सेवा देने वाले कर्मचारियों के साथ ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में बड़ी संख्या कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों की है, जिनमें सफाई कर्मचारी भी शामिल हैं। वर्षों की सेवा के बाद उन्हें पेंशन के लिए परेशान होना उचित नहीं है। कर्मचारियों के योगदान के सम्मान में यह परिषद की ओर से उठाया गया जरूरी कदम है। अगस्त में 42 कर्मचारी होंगे रिटायर अगस्त में एनडीएमसी के कुल 42 कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। मनोज कुमार द्विवेदी 31 अगस्त को इन कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें पेंशन संबंधी दस्तावेज सौंपेंगे। एनडीएमसी का दावा है कि इस व्यवस्था से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर पेंशन का लाभ मिलेगा और पूरी प्रक्रिया अधिक सुचारू होगी।
Source link
रिटायरमेंट के दिन ही एनडीएमसी कर्मचारियों को मिलेंगे पेंशन दस्तावेज:अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी का फैसला; बैंक खाते में बिना देरी पेंशन सुनिश्चित करने के निर्देश
