Headlines

रतिया में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने पर प्रशासन-कर्मचारी आमने- सामने:तीन वाहन रवाना करते ही कर्मचारियों ने किया विरोध, ट्रॉली लगाकर रोका रास्ता




रतिया में नगर पालिका सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कूड़ा जमा होने से उत्पन्न परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने वीरवार शाम डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था शुरू करने का प्रयास किया। सामुदायिक केंद्र रतिया से कूड़ा उठाने के लिए तीन वाहन रवाना किए गए, लेकिन सफाई कर्मचारियों ने इसका कड़ा विरोध करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, एसडीओ बिजली बोर्ड तथा महिला कॉलेज के प्रिंसिपल परमजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल सामुदायिक केंद्र पर तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए थाना शहर प्रभारी अशोक कुमार और थाना सदर रतिया प्रभारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। हड़ताली कर्मचारियों ने किया रास्ता बंद प्रशासन द्वारा तीन कूड़ा उठाने वाले वाहन रवाना किए जाने के कुछ ही देर बाद सर्व कर्मचारी संघ के प्रधान भूप सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी सामुदायिक केंद्र पहुंच गए। कर्मचारियों ने सामुदायिक केंद्र के मुख्य गेट के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया और प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों और प्रशासनिक टीम के बीच टकराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए पीछे हटने का फैसला किया। इसके बाद प्रशासनिक टीम मौके से लौट गई। विरोध के बाद धरना स्थल पर लौटे कर्मचारी प्रदर्शन समाप्त होने के बाद सभी सफाई कर्मचारी वापस नगर पालिका परिसर स्थित अपने धरना स्थल पर चले गए। फिलहाल मौके पर स्थिति शांत बनी हुई है। प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में कूड़ा उठाने की व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर, कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने से प्रशासन के सामने शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *