![]()
पानीपत जिले के मतलौड़ा के गांव कवि में एक हलवाई शेखर की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 10 सितंबर 2024 को हुई थी, जब उधार के पैसों के विवाद में शेखर को लाठी-डंडों से पीटा गया था। इलाज के दौरान 14 सितंबर को उसकी मौत हो गई। थाना मतलौड़ा प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि गांव कवि निवासी अनिल और राजवीर ने करीब एक साल पहले शेखर से मकान बनाने के लिए 50 हजार रुपए उधार लिए थे। 10 सितंबर को जब शेखर ने अपने पैसे वापस मांगे, तो अनिल, राजवीर, विनोद, शेट्टी, अमित, बिंदर और उनके घर की महिलाओं ने शेखर की दुकान पर पहुंचकर झगड़ा किया। साजिश रचकर बेरहमी से पीटा झगड़े के बाद शेखर दुकान बंद करके व्यायामशाला की ओर चला गया। आरोप है कि आरोपियों ने साजिश रचकर शेखर को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। गांव के अमन, कमल और रविंद्र ने शेखर को बचाया। इसके बाद, आरोपियों ने पुलिस को सूचना दी और शेखर को गिरफ्तार करवा दिया, जिसे बाद में जेल भेज दिया गया। मारपीट में लगी चोटों से हुई मौत शेखर के भाई नीटू पुत्र सतबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 सितंबर को जब वह अपने भाई से मिलने जेल गया, तो उसे सूचना मिली कि शेखर को पानीपत सिविल अस्पताल भेजा गया है। अस्पताल पहुंचने पर नीटू ने शेखर को मृत पाया। नीटू ने आरोप लगाया कि उसके भाई की मौत आरोपियों द्वारा मारी गई चोटों के कारण हुई है। मामले की जांच जारी नीटू की शिकायत पर थाना मतलौड़ा में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव कवि निवासी अनिल, राजवीर उर्फ काला और जितेंद्र उर्फ बिंदर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Source link
पानीपत में हलवाई का मर्डर करने वाले 3 युवक गिरफ्तार:उधार के पैसों पर विवाद; लाठी-डंडों से पीटकर की थी हत्या
