Headlines

करनाल विधायक व बेटे को मिली मारने की धमकी:हर्ष एनकाउंटर मामले में बनाया निशाना, डाक से कैंप कार्यालय पहुंचा पत्र, मुख्यमंत्री, डीजीपी, सीआईडी और SP को भेजी शिकायत




करनाल के विधायक जगमोहन आनंद और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक के कैंप कार्यालय में डाक के जरिए एक पत्र भेजा गया है। पत्र भेजने वाले ने खुद को एक गैंगस्टर ग्रुप का एरिया कमांडर बताते हुए हर्ष एनकाउंटर मामले का जिक्र किया है। धमकी मिलने के बाद विधायक ने पुलिस को शिकायत देकर अपने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पत्र में अभद्र भाषा के साथ दी धमकी
जगमोहन आनंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 अगस्त को बलबीर सिंह नाम के व्यक्ति ने डाक के माध्यम से उनके कैंप कार्यालय में पत्र भेजा। पत्र में उनके प्रति अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें और उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी गई है। विधायक ने पत्र की प्रति पुलिस को सौंपते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस विभाग और खुफिया तंत्र के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। विधायक ने इस संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजा है। इसकी प्रतियां हरियाणा के पुलिस महानिदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, सीआईडी और करनाल के पुलिस अधीक्षक को भेजी गई हैं। पुलिस अब पत्र, उसमें लिखी बातों और भेजने वाले व्यक्ति की पहचान समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। बीरू हत्याकांड के बाद सामने आया था हर्ष एनकाउंटर
दरअसल, 5 अगस्त को करनाल में बीरू हत्याकांड हुआ था। इसके बाद हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वाल्मीकि समाज ने शहर में प्रदर्शन किए थे। विधायक जगमोहन आनंद ने समाज के लोगों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके बाद 6 अगस्त की रात पुलिस की हर्ष और बीरबल से मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों की मौत हो गई।
हर्ष एनकाउंटर को लेकर रोड समाज ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की और प्रदर्शन भी किए। फिलहाल मामले की जांच हरियाणा राज्य अपराध शाखा कर रही है। रोड समाज विधायक जगमोहन आनंद से शुरू से नाराजगी जताता रहा है और उनकी ओर से समाज से माफी मांगने के साथ हर्ष एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। अब धमकी पत्र सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले को हर्ष एनकाउंटर से जोड़कर भी जांच कर रही है। क्या बोले करनाल एसपी
करनाल एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि हमें विधायक की तरफ से शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और कई टीमों को भी इस मामले की जांच पर लगा दिया है। जल्द ही धमदी देने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त मे होगा। किसी भी तरह से शहर का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *