![]()
बिलासपुर में रक्षाबंधन पर पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता की अनूठी पहल शुरू की है। SSP रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति रक्षा सूत्र’ अभियान के तहत राखी से पहले दो दिनों में जिलेभर में करीब 1 लाख 25 हजार लोगों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ NCC के बच्चों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह अभियान रक्षाबंधन के दिन भी जारी रहेगा। जानकारी के मुताबिक मस्तूरी, पचपेड़ी और मल्हार समेत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने लोगों को ‘साइबर जागरूकता का रक्षा सूत्र’ बांधकर ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने का संदेश दिया। साथ ही साइबर सुरक्षा से जुड़े स्टिकर लगाए गए और लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की गई। इसी अभियान के तहत मल्हार में NSS की छात्राओं ने पुलिस सहायता केंद्र पहुंचकर पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को OTP, बैंक खाते और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है। 17 थाने, 4 चौकियों समेत पूरे जिले में चला अभियान साइबर जागरूकता का यह अभियान जिले के 17 थानों और 4 चौकियों के साथ यातायात पुलिस, महिला थाना सहित सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर राहगीरों की कलाई पर ‘साइबर जागृति रक्षा सूत्र’ बांधा और उन्हें डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने का संकल्प दिलाया। फर्जी कॉल से APK तक, इनसे रहें सावधान अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी के अलग-अलग तरीकों की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, लिंक, OTP, KYC अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर फोन, ऑनलाइन निवेश, सोशल मीडिया और फर्जी APK या एप्लीकेशन के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। पुलिस ने अपील की कि कोई भी व्यक्ति अपना OTP, PIN, CVV, पासवर्ड या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करे। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान APK या एप्लीकेशन डाउनलोड करने से भी बचें। ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर पीड़ित को तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। इसके साथ ही संबंधित बैंक को भी तत्काल सूचना दें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है। ऑनलाइन क्विज से भी बढ़ा रहे साइबर जागरूकता बिलासपुर पुलिस की ओर से साइबर जागरूकता के लिए ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी भी कराई जा रही है। इसमें भाग लेने वाले लोगों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिया जा रहा है। नागरिक क्विज में शामिल होकर साइबर सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं। पुलिस की ओर से जिले के नागरिकों को ‘जागरूकता की सेल्फी’ लेने के लिए भी प्रतिदिन प्रोत्साहित किया जा रहा है।
Source link
1.25 लाख लोगों तक पहुंचा साइबर जागरूकता का रक्षा-सूत्र:रक्षाबंधन पर पुलिस का अभियान, NCC कैडेट्स ने साइबर ठगी से बचने लोगों को किया जागरूक
