![]()
सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र में गुरुवार रात्रि पुलिस ने अवैध गौवंश परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से आठ गौवंश बरामद किए हैं। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। कुरई थाना प्रभारी कृपाल शाह टेकाम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गौवंश को अवैध रूप से वाहन में भरकर वध के उद्देश्य से ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर कुरई पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित कुरई घाटी क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान महाराष्ट्र पंजीयन क्रमांक MH-12-FF-1645 की मारुति सुजुकी एसएक्स-4 कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी कुरई घाटी स्थित बंजारी मंदिर के आगे वाहन सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर फरार हो गया। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो कार के भीतर और डिग्गी में रस्सियों से क्रूरतापूर्वक बांधे गए आठ गौवंश मिले। वाहन में पशुओं को ठूंस-ठूंसकर भरने के कारण उनकी हालत भी खराब बताई जा रही है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद वाहन और गौवंश को अपने कब्जे में लिया। बरामद गौवंश को उपचार एवं देखभाल के लिए गौशाला भेजा गया है। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये तथा गौवंश की कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल 1.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। कुरई थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस वाहन के पंजीयन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 से होकर मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र को जोड़ने वाला मार्ग गुजरता है, जिसके चलते समय-समय पर अवैध गौवंश परिवहन के मामले सामने आते रहे हैं।
Source link
कुरई घाटी में गौवंश तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई:गौवंश तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई; कार से 8 गौवंश बरामद
