![]()
चंडीगढ़ के सेक्टर-6 स्थित यूटी गेस्ट हाउस में वीरवार दोपहर उस समय हंगामा हो गया, जब इनोवा सवार एक व्यक्ति खुद को PCS अधिकारी और पंजाब से डेपुटेशन पर आया अफसर बताकर रौब जमाने लगा। गाड़ी पर आगे-पीछे गवर्नमेंट ऑफ पंजाब लिखा था और लालबत्ती भी लगी थी। साथ ही उसके साथ एक गनमैन भी रहता था। गेस्ट हाउस में तैनात पुलिसकर्मियों को उसकी बातों और गतिविधियों पर शक हुआ। इसके बाद जब उससे पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम केडी पांडे बताया और खुद को पंजाब कोऑपरेटिव सोसाइटी से जुड़ा अधिकारी बताया। बाद में जांच में सामने आया कि वह PCS अधिकारी नहीं है और इनोवा भी सरकारी गाड़ी नहीं, बल्कि उसकी मां के नाम पर रजिस्टर्ड निजी वाहन है। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… गेस्ट हाउस में अफसर बनकर घूमता था: केडी पांडे यूटी गेस्ट हाउस में तैनात पुलिसकर्मियों के पास जाकर खड़ा हो जाता था। वह खुद को PCS अधिकारी बताता और कहता था कि वह पंजाब से डेपुटेशन पर आया है। उसके साथ एक गनमैन भी रहता था। इसी वजह से वहां तैनात कर्मचारियों को शुरू में उस पर शक नहीं हुआ। 5000 रुपए उधार लेने के बाद हुआ शक: एक दिन केडी पांडे ने गेस्ट हाउस के कर्मचारियों से कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं और उसे कुछ सामान खरीदना है। उसने ऑनलाइन भुगतान के लिए गूगल पे चल नहीं रहा होने की बात कही और करीब 5000 रुपए उधार मांगे। कर्मचारियों ने उसे पैसे दे दिए। बाद में उसकी बातों और गतिविधियों पर उन्हें शक हुआ। खाने पर बुलाकर पूछताछ की: कर्मचारियों ने केडी पांडे को शाम को यूटी गेस्ट हाउस में खाने पर बुलाया। बातचीत के दौरान उससे उसके पद, ड्यूटी और गाड़ी समेत कई सवाल पूछे जाने लगे। पुलिसकर्मियों को उसकी बातों में कुछ गड़बड़ी लगी। केडी पांडे को भी शक हो गया कि उससे ज्यादा पूछताछ की जा रही है। गनमैन को फोन कर कहा- गाड़ी तैयार करो: पूछताछ के दौरान केडी पांडे ने फोन कान से लगाया और अपने साथ रहने वाले गनमैन से कहा कि जल्दी आ जाओ और गाड़ी तैयार करो, रेड पर जाना है। पुलिसकर्मियों ने उससे कहा कि अभी बातचीत चल रही है, वह कहां जा रहा है। इसके बावजूद वह तुरंत उठकर अपनी इनोवा की तरफ चला गया। गेट बंद कर पुलिस को दी सूचना: पुलिसकर्मियों को शक हुआ कि वह पूछताछ से बचकर निकलने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने यूटी गेस्ट हाउस का गेट बंद कर दिया और चंडीगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही एरिया ट्रैफिक इंचार्ज इंस्पेक्टर रोहताश यादव और सुखना लेक चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। रिवाल्वर निकालकर करतब दिखाने की भी सूचना: पुलिस को सूचना मिली थी कि वह गेस्ट हाउस में रिवाल्वर निकालकर लोगों को दिखा रहा था और रौब जमा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने उससे रिवाल्वर और पहचान से जुड़े दस्तावेज मांगे। PCS का आईकार्ड नहीं मिला: पुलिस ने जब केडी पांडे से PCS अधिकारी होने का पहचान पत्र मांगा तो वह कोई ऐसा दस्तावेज नहीं दिखा सका। उसके पास पंजाब कोऑपरेटिव सोसाइटी से संबंधित कार्ड मिला। इसके बाद पुलिस ने उसके PCS अधिकारी होने के दावे की जांच शुरू की। पिता पंजाब पुलिस के रिटायर्ड DGP बताए: पूछताछ में केडी पांडे ने बताया कि उसके पिता जीडी पांडे पंजाब पुलिस में DGP पद से रिटायर्ड हैं। उसने अपने साथ रहने वाले व्यक्ति को गनमैन बताया। हालांकि पुलिस की जांच में केडी पांडे के खुद PCS अधिकारी होने की पुष्टि नहीं हुई। निजी इनोवा पर लिखा था गवर्नमेंट ऑफ पंजाब: जिस इनोवा में केडी पांडे घूम रहा था, वह सरकारी वाहन नहीं थी। पुलिस जांच के मुताबिक गाड़ी उसकी मां के नाम पर रजिस्टर्ड निजी वाहन है। इसके बावजूद गाड़ी पर आगे-पीछे गवर्नमेंट ऑफ पंजाब लिखा हुआ था और लालबत्ती लगी थी। लालबत्ती की अनुमति भी नहीं दिखा पाया: पुलिस ने केडी पांडे से वाहन पर लालबत्ती लगाने की अनुमति मांगी, लेकिन वह कोई अनुमति नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी पर लगी लालबत्ती उतरवा दी। साथ ही गाड़ी पर लगा गवर्नमेंट ऑफ पंजाब का स्टीकर भी हटवा दिया गया। 1500 रुपए का चालान: मामले में सुखना लेक चौकी की ओर से कार्रवाई की गई। वाहन पर अवैध रूप से लालबत्ती लगाने को लेकर 1000 रुपए का चालान किया गया, जबकि गाड़ी पर सरकारी स्टीकर लगाने को लेकर 500 रुपए का चालान किया गया। पुलिस ने लालबत्ती और स्टीकर दोनों हटवा दिए। गेस्ट हाउस के अंदर रोकी गई थी गाड़ी: पुलिस के मुताबिक, इनोवा को यूटी गेस्ट हाउस के गेट के अंदर ही रोक लिया गया था और उसे बाहर नहीं जाने दिया गया। मामला गेस्ट हाउस परिसर के अंदर का होने के कारण मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, बल्कि सुखना लेक चौकी की ओर से चालान किया गया। कर्मचारियों ने अलग से शिकायत नहीं दी: यूटी गेस्ट हाउस में तैनात कर्मचारियों ने केडी पांडे से 5000 रुपए उधार लेने को लेकर पुलिस में अलग से लिखित शिकायत नहीं दी। पुलिस ने मामले में डीडीआर दर्ज कर ली है। रिवाल्वर और उसकी पहचान से जुड़े दावों को लेकर भी पूछताछ की गई। पुलिस ने कार्रवाई के बाद उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।
Source link
चंडीगढ़ में खुद को PCS अफसर बताकर घूमता पकड़ा:गवर्नमेंट ऑफ पंजाब लिखी इनोवा, ऊपर लगी लालबत्ती; पुलिस ने 1500 का चालान काटा
