Headlines

नदी में बाइक समेत बहा युवक, ग्रामीणों ने बचाई जान:एक बाइक नदी में डूबी, दूसरी बाइक सवारों को 7-8 ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला




शिवपुरी जिले के रन्नौद-पिछोर क्षेत्र में शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद मुतलेड़ी नदी उफान पर आ गई। रन्नौद थाना क्षेत्र में पिछोर-रन्नौद मार्ग पर बनी पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगा। इसके बावजूद रक्षाबंधन के पर्व पर लोग जल्द घर पहुंचने की जल्दबाजी में उफनते पानी को पार करने का जोखिम उठाते रहे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक अपनी बाइक समेत तेज बहाव में बह गया। हालांकि कुछ दूरी तक बहने के बाद वह किसी तरह सुरक्षित पानी से बाहर निकल आया, लेकिन उसकी बाइक नदी में डूब गई। तीन युवकों ने बाइक से नदी पार करने की कोशिश की जानकारी के मुताबिक, पुलिया पर तेज बहाव के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। इसी बीच तीन युवकों ने एक बाइक से नदी पार करने का प्रयास किया। तीनों बाइक लेकर पानी में उतर गए। तेज बहाव के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह बहने लगी। स्थिति बिगड़ती देख दो युवकों ने बाइक छोड़ दी, जबकि तीसरा युवक बाइक के साथ ही तेज बहाव में बह गया। कुछ दूरी तक बहने के बाद युवक किसी तरह पानी से बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई। हालांकि, बाइक नदी में डूब गई। दूसरी बाइक पर सवार युवकों को ग्रामीणों ने बचाया इसी दौरान एक अन्य बाइक पर सवार दो युवकों ने भी उफनती नदी को पार करने की कोशिश की। दोनों बहाव में फंसने लगे तो मौके पर मौजूद करीब 7-8 ग्रामीण तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उफनती नदी में स्टंट करने की भी कोशिश इसी दौरान एक ग्रामीण ने उफनती नदी में छलांग लगाकर स्टंट करने का प्रयास किया। हालांकि वह भी सुरक्षित बाहर निकल आया। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के बीच लोगों की इस तरह की लापरवाही से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही। जिला प्रशासन की ओर से लगातार जलभराव वाले स्थानों और उफान पर चल रहे नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की जाती रही है। इसके बावजूद रक्षाबंधन के पर्व पर जल्द घर पहुंचने की कोशिश में लोग अपनी जान जोखिम में डालते नजर आए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *