Headlines

नारनौल में नर्स पर डॉक्टर पति ने फेंका उबला पानी:गंभीर रूप से झुलसी; पीड़िता के भाई की शिकायत पर FIR




हरियाणा के नारनौल शहर के कैलाश नगर में घरेलू विवाद के दौरान एक निजी डॉक्टर पर अपनी पत्नी, जो सरकारी अस्पताल में स्टाफ नर्स है, के साथ मारपीट करने और उसके चेहरे पर उबलता पानी डालने का आरोप लगा है। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नारनौल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़िता के भाई की शिकायत और बाद में महिला के बयान के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाई ने दी शिकायत पुलिस के अनुसार पीड़िता सरकारी अस्पताल नारनौल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत है। उसके भाई पंकज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी करीब 15 वर्ष पहले घनश्याम शर्मा से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। शिकायत के अनुसार घनश्याम शराब पीने का आदी है और अक्सर नशे की हालत में पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट करता है। धमकी देकर हुआ फरार आरोप है कि बीती रात करीब 10 बजे घनश्याम ने शराब के नशे में उसी बहन के साथ मारपीट की और उसके चेहरे पर उबलता पानी डाल दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को बचाया। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। भाई ने दिया बयान घटना के बाद घायल महिला को नागरिक अस्पताल नारनौल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए अयोग्य (अनफिट) बताया। इसके बाद पुलिस ने उसके भाई पंकज का बयान दर्ज किया। मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) में महिला के शरीर पर जलने से संबंधित 5 चोटों का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने किया मामला दर्ज बाद में जब डॉक्टरों ने महिला को बयान देने के लिए फिट घोषित किया, तब पुलिस ने उसका बयान भी दर्ज किया। महिला के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर शहर थाना नारनौल पुलिस ने आरोपी घनश्याम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 126(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *