![]()
अंबाला जिले के नग्गल थाना क्षेत्र में एक वेटर ठेकेदार और उनके साथियों पर हमला किया गया है। गांव नडियाली के पास 6-7 नकाबपोश बदमाशों ने उनका ऑटो घेरकर लोहे की रॉड, हॉकी और डंडों से हमला किया। इस हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने दो नामजद सहित 6-7 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव बम्बा निवासी निर्मल सिंह (37), जो पैलेस में वेटर ठेकेदार हैं, 27 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे अपने ऑटो (HR37C3622) में गुरुमुख, गुलशन, रमेश, अमरीक और सरजीक के साथ लालड़ू पैलेस जा रहे थे। गांव नडियाली के पास सड़क पर एक मिट्टी लगी कार खड़ी थी। उसमें से 6-7 युवक लोहे की रॉड, हॉकी और लाठियां लेकर निकले। उन्होंने ऑटो के सामने वाले शीशे पर ईंट मारी, जिससे शीशा टूटकर निर्मल के चेहरे पर लगा। ऑटो रुकते ही हमलावरों ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। पीड़ित निर्मल सिंह ने पुलिस को बताया कि हमलावर मारपीट करते हुए घटना का वीडियो भी बना रहे थे। उनके कुछ साथी अपनी जान बचाने के लिए पास के खेतों में भाग गए। हमले में निर्मल, उनके भाई गुरुमुख और गुलशन को शरीर, हाथ और कंधों पर गंभीर चोटें आईं। राहगीरों के बीच-बचाव करने और भीड़ इकट्ठा होने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घायलों को चौड़मस्तपुर सरकारी अस्पताल और अंबाला शहर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। दो आरोपियों की हुई पहचान
पीड़ित ने दो आरोपियों की पहचान गांव बम्बा मियांमाजरा निवासी हैप्पी (पुत्र दारा) और गोल्डी (पुत्र मिता) के रूप में की है, जिनके हाथों में लोहे की रॉड थी। बाकी हमलावरों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। तीनों को कुल 16 चोटें लगीं
अंबाला शहर अस्पताल पहुंचे नग्गल थाने के ASI सोनू कुमार ने पीड़ितों के बयान दर्ज किए और एमएलआर (MLR) रिपोर्ट हासिल की:
निर्मल सिंह: कुल 9 चोटें (भोले हथियार/Blunt)
गुरमुख: कुल 4 चोटें (Blunt)
गुलशन: कुल 3 चोटें (Blunt) पुलिस ने केस दर्ज किया
पुलिस ने 28 अगस्त 2026 को नग्गल थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191(3), 115(2), 126(2) और 351(2) के तहत एफआईआर (संख्या 113) दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Source link
अंबाला में ठेकेदार-वेटर व साथियों पर हमला:कार सवारों ने ऑटो रोककर घेरा; हॉकी-लोहे की रॉड से पीटा, 3 गंभीर घायल
