![]()
बक्सर में उत्पाद विभाग ने उत्तर प्रदेश से आ रही एक कार से भारी मात्रा में शराब जब्त की है। वीर कुंवर सिंह गंगा पुल के रास्ते बक्सर में प्रवेश कर रही इस कार में गुप्त तहखाना बनाकर 127.72 लीटर शराब लाई जा रही थी। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम यूपी से आने वाले वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में कार के अंदर बने गुप्त तहखाने का पता चला। तहखाने की जांच करने पर उसमें शराब की बोतलें छिपाकर रखी मिलीं। पुलिस ने कार से कुल 127.72 लीटर शराब बरामद की है। इसमें 356 बोतल देशी शराब (प्रत्येक 200 मिलीलीटर, कुल 71.20 लीटर) और 314 बोतल विदेशी शराब (प्रत्येक 180 मिलीलीटर, कुल 56.52 लीटर) शामिल है। गिरफ्तार युवक की पहचान बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पकड़ी निवासी तेजनारायण सिंह (लगभग 26 वर्ष, पिता ओमप्रकाश सिंह) के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग ने शराब के साथ कार (पंजीकरण नंबर बीआर-01एडी-8408) को भी जब्त कर लिया है। शराबबंदी कानून के तहत मामला दर्ज उत्पाद विभाग के अनुसार, बिहार में शराब तस्करी रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों और यूपी से आने वाले प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वीर कुंवर सिंह गंगा पुल यूपी से बक्सर आने का एक मुख्य मार्ग है, जिस पर विशेष नजर रखी जा रही है। गिरफ्तार युवक के खिलाफ शराबबंदी कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे बक्सर में किसे पहुंचाया जाना था।
Source link
बक्सर में 127 लीटर शराब पकड़ी,1 तस्कर अरेस्ट:UP से आ रही कार के गुप्त तहखाने से बरामद
