![]()
मंदसौर और जिले में बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। तेज धूप, बादल और बारिश के कारण तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। इसका असर जिला अस्पताल की ओपीडी में भी दिखाई दे रहा है, जहां मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। सर्दी-खांसी, बुखार, गले में खराश और संक्रमण के साथ दस्त व पेट दर्द की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। ओपीडी में मरीजों की रोजाना संख्या करीब 1000 तक पहुंच गई है। 500-600 से बढ़कर 1000 पहुंची ओपीडी चिकित्सकों के अनुसार कुछ समय पहले तक जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब 500 से 600 मरीज पहुंच रहे थे। इसके बाद मरीजों की संख्या बढ़कर 800 और अब करीब 1000 तक पहुंच गई है। मौसमी बीमारियों की चपेट में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी आयु वर्ग के लोग आ रहे हैं। तापमान में बदलाव से बढ़ रहा संक्रमण दिन में धूप निकलने के बाद अचानक बादल छाने या बारिश होने से तापमान में तेजी से बदलाव हो रहा है। शरीर को बदलते तापमान के साथ सामंजस्य बिठाने में समय लगता है। पसीना आने के बाद ठंडी हवा या बारिश के संपर्क में आने से सर्दी-जुकाम, खांसी और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से बैक्टीरिया और वायरस के संक्रमण के लिए भी अनुकूल परिस्थितियां बनती हैं। सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर के मरीज बढ़े जिला अस्पताल के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. आकाश चौधरी ने बताया कि मौसम बदलने के साथ संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इन दिनों सर्दी-जुकाम, खांसी, वायरल फीवर और गले में संक्रमण के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। इसके अलावा दस्त और पेट दर्द की शिकायत वाले मरीज भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। डॉक्टर की सलाह- साफ और उबला पानी पिएं चिकित्सकों ने लोगों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। मच्छरों से बचाव के साथ साफ पानी पीने पर ध्यान देने को कहा गया है। पानी को उबालकर पीना अधिक बेहतर रहेगा। ताजा भोजन का सेवन करें और मौसम के अनुसार कपड़ों का इस्तेमाल करें। दो-तीन दिन बुखार रहे तो जांच कराएं डॉक्टरों के अनुसार यदि बुखार दो से तीन दिन तक बना रहता है तो बिना देरी किए सरकारी अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर है।
Source link
मंदसौर जिला अस्पताल में रोजाना पहुंच रहे करीब 1000 मरीज:सर्दी-खांसी, बुखार, दस्त-पेट दर्द के साथ गले के इंफेक्शन के मामले बढ़े, डॉक्टर बोले- एहतियात बरतें
