Headlines

जैसलमेर में पति, पत्नी और बेटे ने भरा नामांकन:नगर परिषद चुनाव के लिए 300 से ज्यादा फॉर्म बिके; 50 प्रत्याशियों ने भरे पर्चे




जैसलमेर नगर परिषद चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है। नामांकन के दूसरे दिन शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा। प्रत्याशियों ने ढोल-नगाड़ों और रैलियों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने पर्चे दाखिल किए। दूसरे दिन 300 से ज्यादा आवेदन पत्र खरीदे गए, जबकि 50 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इनमें 15 कांग्रेस, 13 बीजेपी और अन्य निर्दलीय शामिल हैं। चुनाव को लेकर महिलाओं में भी जबरदस्त उत्साह रहा। प्रत्याशी शहर की सफाई, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुधारने का दावा कर रहे हैं। इसी बीच एक ही परिवार से तीन फॉर्म भी भरे गए। इनमें पूर्व पार्षद के साथ उनकी पत्नी और बेटा भी शामिल है। एक ही घर से तीन वार्डों में दावेदारी नामांकन प्रक्रिया के दौरान बीजेपी के पूर्व पार्षद नरसिंह ओड भी परिवार के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। पार्टी की तरफ से अभी तक टिकट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पूर्व पार्षद के परिवार ने पहले ही तीन अलग-अलग वार्डों से फॉर्म भरकर जमा करा दिए हैं। इन नेताओं ने किया नामांकन बीजेपी की बात करें तो शनिवार को बीजेपी के बड़े नेताओं में बीजेपी नगरमंडल अध्यक्ष अरुण पुरोहित ने वार्ड नंबर 5 से अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं पूर्व पार्षद नरसिंग ओड ने पत्नी-बेटे समेत तीन वार्डों में अलग अलग नामांकन दाखिल किए।वहीं कांग्रेस नेताओं की तरफ से पूर्व पार्षद दुगेश आचार्य ने वार्ड संख्या 30, और मेघराज सिंह ने वार्ड संख्या 45 से अपना नामांकन दाखिल किया।
31 अगस्त को नामांकन की लास्ट डेट नगरपरिषद चुनाव प्रक्रिया के तहत पर्चा दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 अगस्त रखी गई है। लास्ट डेट नजदीक होने के कारण बचे हुए दो दिनों में कलेक्ट्रेट परिसर में उम्मीदवारों और समर्थकों की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। हालांकि रविवार को छुट्टी होने के कारण आवेदकों के पास अब केवल सोमवार का दिन ही बचा है, इसलिए सभी अपने अपने पर्चे तैयार करवाने में जुटे हैं। 31 अगस्त के बाद प्राप्त नामांकनों की समीक्षा और छंटनी की जाएगी। बुनियादी सुविधाओं के वादों पर मांगे जा रहे वोट नामांकन दाखिल करने पहुंचे प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ पूरे जोश में नजर आए। अधिकतर उम्मीदवार शहर की अंदरूनी सड़कों की हालत सुधारने, कचरा प्रबंधन को सही करने और गर्मी के मौसम में पानी-बिजली की किल्लत को दूर करने के वादे पर वोट मांग रहे हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में समर्थकों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। कई प्रत्याशी अकेले शांत तरीके से पर्चा भरने पहुंचे, तो कई लोग ढोल-धमाके और समर्थकों की नारेबाजी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। आने वाले दिनों में नामांकन के आखिरी समय तक यह चुनावी माहौल और ज्यादा गर्माने की उम्मीद है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *