Headlines

रूपनगर में एटीएम तोड़ने वाले गिरोह का पर्दाफाश:पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ा; वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद




रूपनगर पुलिस ने एटीएम तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश करने वाले एक अंतर-जिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें काबू किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार 24 और 25 अगस्त 2026 की रात को मोरिंढा की शुगर मिल रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया गया था। इस संबंध में थाना सिटी मोरिंढा में 25 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा जांच के दौरान पुलिस ने तरनतारन निवासी सिमरनजीत सिंह उर्फ अभी (19) और मोगा निवासी कुलविंदर सिंह उर्फ किंदा उर्फ कुल्ला (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी 11 और 12 अगस्त की रात एटीएम तोड़ने के एक अन्य प्रयास में भी शामिल थे। उस मामले में भी थाना सिटी मोरिंढा में अलग मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पहले एटीएम और आसपास के इलाके की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *