Headlines

चतरा में विवाहिता की हत्या, ससुराल वालों ने शव जलाया:अवैध संबंध का विरोध करने पर मर्डर का आरोप; पति समेत 16 पर FIR, 3 गिरफ्तार




चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के पकरिया गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि ससुराल वालों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से पुलिस और मायके वालों को सूचित किए बिना शव अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने शिकायत के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरिडीह जिले के डुमरी निवासी मृतका के भाई नितेश कुमार साहू ने बताया कि उनकी बहन चांदनी देवी की शादी 12 साल पहले पकरिया गांव के त्रिवेणी साव से हुई थी। नितेश साहू का आरोप है कि शादी के पांच साल बाद से ही त्रिवेणी साव का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध था। जब चांदनी इसका विरोध करती थी, तो उसका पति कथित तौर पर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। इस प्रताड़ना में ससुर महावीर साव, सास कैलती देवी और ननद प्रतिमा देवी भी शामिल थे, जो चांदनी को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करते थे। नितेश कुमार साहू के अनुसार, बीती रात ससुराल वालों ने उन्हें फोन पर बताया कि चांदनी की मौत पेट दर्द के कारण हुई है। जब मायके वाले दोपहर में पकरिया गांव पहुंचे, तब तक ससुराल वालों ने गुपचुप तरीके से शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। इस दौरान पुलिस को भी घटना की सूचना नहीं दी गई थी। इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि मायके वालों की सूचना पर पुलिस सुबह 9 बजे श्मशान घाट पहुंची, लेकिन तब तक शव पूरी तरह जल चुका था। मृतका के भाई की लिखित शिकायत के आधार पर पति त्रिवेणी साव, सास कैलती देवी, ससुर महावीर साव और अन्य रिश्तेदारों सहित कुल 16 नामजद तथा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छुपाने का मामला दर्ज किया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *