![]()
ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के दूर के रिश्तेदार ने पहले उसे पति को छोड़ने के लिए बहकाया, फिर शादी का भरोसा देकर कार में ले जाकर दुष्कर्म किया। बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया और पुलिस में शिकायत करने पर महिला के दोनों भाइयों की हत्या की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शादी के बाद भी संपर्क में रहा आरोपी पुरानी छावनी थाना पुलिस के मुताबिक, जिगसोली गांव के पास रहने वाली 25 वर्षीय विवाहिता ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उसके सगे भाई के मामा ससुर का बेटा मंगल सिंह उर्फ विक्की पुत्र बेताल सिंह, निवासी सुसेरा कोठी, उसका दूर का रिश्तेदार है। दोनों की शादी से पहले करीब आठ साल से दोस्ती थी। करीब तीन साल पहले महिला की शादी हो गई, लेकिन इसके बाद भी मंगल सिंह लगातार उससे संपर्क करता रहा। वह फोन कर पति को छोड़ने और उसके साथ रहने का दबाव बनाता था। आरोपी का कहना था कि यदि वह पति को छोड़ दे तो वह उससे शादी करेगा और ससुराल से ज्यादा खुश रखेगा। घुमाने के बहाने कार में बैठाया महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी की बातों में आकर उसने उस पर भरोसा कर लिया। 19 मई को मंगल सिंह कार लेकर आया और उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। वह पुरानी छावनी क्षेत्र में एक सुनसान जगह स्थित ईंट भट्टे के पास पहुंचा। वहां कार के शीशे बंद कर शादी का भरोसा देकर उसकी इच्छा के खिलाफ दुष्कर्म किया। पति को पता चला तो घर से निकाल दिया घटना के बाद महिला जब ससुराल पहुंची तो उसके पति को पूरे मामले की जानकारी मिल गई। इसके बाद पति ने उसे घर से निकाल दिया। महिला मायके पहुंची और आरोपी को फोन कर शादी करने के लिए कहा, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया। पुलिस में जाने पर भाइयों को मारने की धमकी पीड़िता का आरोप है कि जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने धमकी दी कि यदि वह कोर्ट या पुलिस के पास गई तो उसके दोनों भाइयों को गोली मार देगा। धमकी से डरी महिला ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई और देर रात पुरानी छावनी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। दुष्कर्म और धमकी का केस दर्ज पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी मंगल सिंह उर्फ विक्की के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुरानी छावनी थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सुसेरा कोठी समेत संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
ग्वालियर- शादी का झांसा देकर विवाहिता से दुष्कर्म:आरोपी ने पति से अलग कराया, फिर शादी से मुकरा; पुलिस तलाश में जुटी
