![]()
नूंह के मंडीखेड़ा गांव में एक बकरी को बाइक से टक्कर लगने के बाद शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे दो पक्षों के बीच जमकर टकराव हुआ, जिसमें हवाई फायरिंग का आरोप है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। यह विवाद 28 अगस्त को शुरू हुआ था, जब भालू नामक व्यक्ति की बकरी को एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। बाइक सवार को क्षेत्र की एक कंपनी का ठेकेदार बताया जा रहा है, जो दूसरे राज्य का निवासी है। दुर्घटना के बाद बाइक सवार मौके से जाने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे रोक लिया। 9 हजार रुपए में हो गया था समझौता शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच करीब 9 हजार रुपए में समझौता हो गया था और बाइक सवार वहां से चला गया। हालांकि, विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि कुछ देर बाद उसी कंपनी में काम करने वाला सद्दाम मौके पर पहुंचा, जिसे पार्षद राशिद के चाचा का बेटा बताया जा रहा है। उसने भालू के साथ गाली-गलौच की, जिसके बाद दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। कुछ देर बाद स्थिति शांत हुई, लेकिन विवाद की चिंगारी अंदर ही अंदर सुलगती रही। बताया जा रहा है कि भालू गांव के सरपंच भट्टू का फूफेरा भाई है। शनिवार सुबह इसी पुराने विवाद ने फिर उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि पार्षद पक्ष के लोगों ने सरपंच पक्ष पर हमला कर दिया और इस दौरान कथित हवाई फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। पुलिस के पास नहीं पहुंची लिखित शिकायत इस हमले में सरपंच पक्ष के एक बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट लगने की खबर है। घायल को उपचार के लिए फरीदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। नगीना थाना के मुंशी संदीप ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Source link
नूंह में दो पक्षों में संघर्ष, पथराव और फायरिंग:बकरी को बाइक लगने को लेकर विवाद, सिर में चोट लगने से बुजुर्ग घायल
