Headlines

फरीदकोट में दो मासूम भाई सकुशल बरामद:जैतो से गलती से ट्रेन में चढ़कर पहुंचे थे,प्लेटफॉर्म पर रोते मिले थे 5 और 7 साल के बच्चे




राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) फरीदकोट की मुस्तैदी और मानवीय संवेदनशीलता के चलते गलती से ट्रेन में चढ़कर अपनों से बिछड़े दो मासूम सगे भाइयों को सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चों के परिवार को तलाश कर उन्हें सौंप दिया। जीआरपी थाना फरीदकोट के एसएचओ इंस्पेक्टर जसवीर सिंह और एडिशनल एसएचओ जसवीर कौर की निगरानी में पुलिस टीम शनिवार को रेलवे स्टेशन पर नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बठिंडा से फिरोजपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन (नंबर 54563) फरीदकोट स्टेशन पहुंची। ट्रेन आने के बाद प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की नजर अकेले रो रहे दो छोटे बच्चों पर पड़ी। जैतो स्टेशन से गलती से चढ़े थे ट्रेन में पुलिस टीम ने तुरंत दोनों बच्चों को अपने संरक्षण में लिया और प्यार से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बच्चों की पहचान जैतो के निवासी के रूप में हुई। बच्चों ने बताया कि वे दोनों सगे भाई हैं और बिना घरवालों को बताए गलती से जैतो रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हो गए थे तथा फरीदकोट पहुंचने पर घबराकर स्टेशन पर ही उतर गए। जीआरपी कर्मियों ने बच्चों के परिवार का सुराग लगाया और उनसे संपर्क साधा। सूचना मिलते ही बच्चों की माता और नानी फरीदकोट रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहाँ कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों को सुरक्षित पाकर भावुक हुए परिजनों ने फरीदकोट जीआरपी टीम की तत्परता का आभार जताया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *