![]()
रायपुर के टाटीबंध स्थित एम्स के सामने सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे पर ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई की। सड़क और आवागमन क्षेत्र में अतिक्रमण कर लगाए गए ठेलों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान 10 ठेले जब्त किए गए, जबकि करीब 15 से 20 ठेले मौके से हटाए गए। कार्रवाई के बाद एम्स के सामने मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इससे वाहनों के साथ पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिली। एंबुलेंस के रास्ते में न आए ठेले एम्स के सामने सड़क किनारे ठेले-खोमचे लगने से अक्सर आवागमन प्रभावित होता है। अस्पताल होने के कारण यहां एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही सबसे महत्वपूर्ण है। इसी को देखते हुए यातायात पुलिस ने अभियान चलाया। पुलिस ने ठेला-खोमचा संचालकों को समझाइश दी कि सड़क, फुटपाथ या सार्वजनिक रास्ते पर ठेले लगाकर यातायात बाधित न करें। निगम की ‘प्रहरी’ टीम भी रही मौजूद पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी यातायात टाटीबंध भुनेश्वर साहू के नेतृत्व में नगर निगम की ‘प्रहरी’ टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। टीम ने सड़क किनारे और आवागमन वाले हिस्से में लगाए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। एम्स के सामने लगातार रहेगी निगरानी यातायात पुलिस के मुताबिक एम्स जैसे प्रमुख अस्पताल के सामने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना प्राथमिकता है। मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी न हो और एंबुलेंस बिना रुकावट अस्पताल तक पहुंच सके, इसके लिए ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। पुलिस और नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में सुगम यातायात के लिए अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Source link
एम्स के सामने 10 ठेले जब्त, 20 हटाए:टाटीबंध में ट्रैफिक पुलिस और निगम की संयुक्त कार्रवाई
