Headlines

काला जादू, शैतानी ताकत बता लुधियाना के वकील को ठगा:पत्नी बीमार थी, कब्रिस्तान में टोटके का दावा किया, रुपए मांगे तो बोला- सट्‌टे में हार गया




पंजाब के मालेरकोटला के तांत्रिक ने लुधियाना के वकील को पत्नी पर शैतानी ताकत बताकर करीब सवा 4 लाख रुपए ठग लिए। वकील की पत्नी बीमार थी, जिसे देख तांत्रिक ने कहा कि उस पर तो शैतानी ताकत का साया है। किसी ने काला जादू किया है। इसके लिए तो कब्रिस्तान में टोटका करना होगा वर्ना शैतान उसकी बीमार पत्नी को खा जाएगा। परिवार को डरा-डराकर तांत्रिक वकील से रुपए लेता रहा। जब वकील को ठगी का अहसास हुआ तो उसने कहा कि उसके दिए रुपए तो मैं सट्‌टा-फिक्सिंग में हार गया। इसके बाद वह हाथापाई तक करने पर उतर आया। वकील ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी। जिसके बाद आरोपी पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। बीमार पत्नी को काला जादू से बचाने के नाम पर हुई ठगी की पूरी कहानी आगे 3 हिस्सों में पढ़िए.. 1. बीमारी दिखी, तांत्रिक आया… फिर शुरू हुआ डर का खेल पत्नी बीमार थी, परिचित बोला- काले जादू का साया
जसप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वो लुधियाना कचहरी में पिछले 10 सालों से वकालत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 से उनकी पत्नी की सेहत काफी खराब चल रही थी। डॉक्टर से इलाज के बावजूद कोई आराम नहीं मिल रहा था, जिससे वो और उनका परिवार गहरे मानसिक तनाव में आ गया। इसी मजबूरी का फायदा उठाने के लिए पीड़ित के ससुर का पुराना परिचित फगवाड़ा निवासी मलकीत सामने आया। मलकीत ने साजिश के तहत ससुर को डराना शुरू कर दिया कि यह बीमारी डॉक्टरी इलाज से ठीक होने वाली नहीं है, बल्कि इस पर किसी ऊपरी हवा या काले जादू का साया है। उसने दावा किया कि उसका एक बेहद खास दोस्त मोहम्मद साबिर (निवासी मलेरकोटला) काले जादू और तांत्रिक विद्या का माहिर है। मलकीत ने भरोसा दिलाया कि साबिर कुछ ही दिनों में तंत्र के जरिए उनकी बेटी को पूरी तरह ठीक कर देगा। घर पहुंचा तांत्रिक, बोला- शैतानी ताकत का साया
शिकायतकर्ता के ससुर ने उसे कहा कि बेटी पर काला जादू का असर हो सकता है इसलिए वो एक तांत्रिक को लेकर आ रहे हैं। वकील ने पहले इससे इनकार किया लेकिन बीमार पत्नी की हालत देखकर वो भी तैयार हो गए। दिसंबर 2025 के शुरुआती दिनों में आरोपी तांत्रिक मोहम्मद साबिर शिकायतकर्ता के ससुर के साथ उनके घर पहुंचा। उसने पूरे घर का मुआयना किया और फिर परिवार में खौफ का माहौल बना दिया। उसने कहा कि घर में बहुत बड़ा दोष है। पत्नी पर शैतानी ताकत का साया है। इसे ठीक करने के लिए मलेरकोटला स्थित कब्रिस्तान में कई दिनों काला जादू करना पड़ेगा।
पत्नी की जान चली जाएगी, 5 काली माला दे गया, 30 हजार ले गया
आरोपी ने शुरुआत में इस काम के लिए 51,000 रुपये का खर्चा बताया। उसने पीड़ित को डराया कि यदि यह पूजा नहीं कराई गई तो उसकी पत्नी की जान भी जा सकती है। आरोपी मौके पर ही 21,000 रुपये नकद ले गया और घर में रखने के लिए 5 काली मालाएं देकर गया। उसने कहा कि जब वह कहेगा तब इन मालाओं को जल में प्रवाहित करना होगा। दिसंबर के अंत में आरोपी साबिर ने जसप्रीत को मलेरकोटला में हीना हवेली के पास कब्रिस्तान के पास बुलाया। जसप्रीत अपने ससुर के साथ वहां पहुंचे और आरोपी साबिर व बिचौलिए मलकीत को बाकी 30,000 रुपये नकद सौंप दिए। साबिर ने कहा कि वो अब कई दिनों तक कब्रिस्तान में टोटका करेगा और शैतानी ताकत का असर कम करेगा। 2. एक डर खत्म नहीं हुआ, दूसरा पैदा कर दिया तांत्रिक बोला- पूरा परिवार खत्म हो जाएगा
शिकायतकर्ता का कहना है कि जनवरी 2026 में लोहड़ी का त्योहार बीतने के बाद आरोपी साबिर ने जसप्रीत को दोबारा फोन किया। उसने नया खौफ पैदा करते हुए कहा कि एक बहुत ही खतरनाक शैतानी ताकत फिर से उसकी पत्नी पर हावी हो रही है। उसने कहा कि यदि तुरंत तांत्रिक पाठ करके इस बुरी शक्ति को दोबारा कब्रिस्तान में नहीं दबाया गया, तो पूरा परिवार खत्म हो जाएगा। टोटके के नाम पर पैसे मांगता रहा
जसप्रीत सिंह डर गया और उसने कहा कि इसके लिए क्या करना होगा। आरोपी ने पीड़ित से 70,000 रुपये नकद मांगे और वादा किया कि काम पूरा होने के बाद वह यह सारा पैसा वापस कर देगा। घबराए हुए वकील ने उसी जगह जाकर आरोपियों को 70,000 रुपये नकद दे दिए। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी ने उन्हें कहा कि टोटका करना है इसलिए उन्हें कुछ पैसे देने पड़़ेंगे। वो पैसे भी टोटके करने के दौरान उसके पास रहेंगे और बाद में उन्हें वापस दे देगा। आरोपी ने दो तीन बार उसने पैसे भी लौटाए। कोर्ट चैंबर तक पहुंच गया तांत्रिक
जसप्रीत सिंह ने बताया कि तांत्रिक उसके बाद नए नए डर दिखाकर पैसे वसूलता रहा। वो पैसे लेने कोर्ट के चैंबर तक पहुंच गया। इसी दौरान साबिर ने जसप्रीत सिंह के सहयोगी बलबीर राय से नजदीकियां बढ़ा ली और उससे परिवार के बारे में पूछता रहा। आरोपी ने फिर उन्हें डराना शुरू कर दिया। आरोपी इस दौरान उनसे रूटीन में पैसे लेने लगा। इस तरह नकद और ऑनलाइन ट्रांसफर मिलाकर कुल 4,22,400 रुपये आरोपियों ने ठग लिए। 41 दिनों का ‘चिल्ला’ करना होगा
जब पीड़ित वकील ने आरोपी से पैसे वापस मांगे तो उसने पैसे नहीं दिए। उसके बाद उन्होंने बिचौलिए मलकीत सिंह को कहा कि उनके पैसे वापस दिला दो। मलकीत सिंह ने कहा कि 41 दिन का चिल्ला पूरा करना होगा। उसके बाद ही पैसे वापस मिलेंगे। उसने कहा कि अगर उससे पैसे वापस मांगे तो अब तक किया गया सारा उपाय मिट्‌टी हो जाएगा और उसका कोई असर नहीं होगा। 41 दिन पूरा होने के बाद भी आरोपी ने पैसे वापस नहीं किए तो उन्हें लग गया कि यह ठगी हो रही है। 3. पैसे लौटाने बुलाया, जुए में हारने की बात कह दी पैसे लौटाने का वादा कर मिलने आया
जसप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपी साबिर ने 8 जून 2026 को वीडियो कॉल की और कहा कि वह अगले दिन शाम 5 बजे लुधियाना कचहरी के मेन गेट पर मंदिर के पास आकर उसके पूरे 4,22,400 रुपये लौटा देगा। 9 जून 2026 की शाम 5 बजे जसप्रीत सिंह अपने सीनियर वकील परमजीत सिंह गुंबर और क्लर्क के साथ कचहरी के बाहर पहुंचे। कुछ देर बाद आरोपी साबिर एक अज्ञात साथी के साथ वहां आया। आते ही आरोपी ने कहा कि जो पैसे वापस करने थे, वह सट्टे और जुए की फिक्सिंग में हार चुका है और पैसे नहीं हैं। कॉलर पकड़ा और जातिसूचक शब्द कहे
जसप्रीत सिंह ने कहा कि जब उन्होंने हाथ जोड़कर अपने पैसे मांगे तो आरोपी भड़क गया। उसने उसका कॉलर पकड़ लिया और कहा- “हमने तेरे साथ ठगी मारनी थी, सो मार ली। मलेरकोटला जाकर मेरा नाम पूछ लेना, मेरी पहुंच बड़े-बड़े गैंगस्टरों, तस्करों और पुलिस वालों तक है।” जब क्लर्क ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने उसे गंदी गालियां दीं, जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। कचहरी के बाहर वकीलों का हुजूम इकट्ठा होते देख आरोपी अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। वकील ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत, एफआईआर दर्ज
घटना के बाद पीड़ित वकील ने पुलिस आयुक्त के पास लिखित शिकायत दी। मामले की जांच सीआईए (CIA) स्टाफ के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर अवतार सिंह द्वारा की गई। जांच में बैंक स्टेटमेंट, कॉल रिकॉर्डिंग और साक्ष्यों के आधार पर ठगी के आरोपों की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट को एसीपी (इन्वेस्टिगेशन) के जरिए पुलिस कमिश्नर लुधियाना के पास भेजा गया, जहां से मंजूरी मिलने के बाद अब थाना हैबोवाल में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने एएसआई सिमरप्रीत सिंह को मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *