PCB Restricts Pakistan Players On Imran Khan Statement


कराची23 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
इमरान पिछले 3 साल से अदियाला जेल में बंद हैं। (फाइल फोटो) - Dainik Bhaskar

इमरान पिछले 3 साल से अदियाला जेल में बंद हैं। (फाइल फोटो)

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रहे अपने खिलाड़ियों को इमरान खान की कैद पर बयान देने से मना किया है।

न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार पाकिस्तानी बोर्ड ने खिलाड़ियों से कहा- खिलाड़ी ब्रिटिश मीडिया के सवालों पर टिप्पणी करने से बचें। यह सलाह तब दी गई, जब ब्रिटिश मीडिया ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से पूर्व कप्तान इमरान खान की कैद से जुड़े सवाल पूछे थे।

यह विवाद लॉर्ड्स में चल रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन से शुरू हुआ। उस दिन लंच ब्रेक के दौरान स्काई स्पोर्ट्स ने इमरान के बेटे कासिम और सुलेमान का इंटरव्यू टेलीकास्ट किया था।

बोर्ड ने इसे रोकने की कोशिश भी की थी। इतना ही नहीं, इंटरव्यू टेलीकास्ट होने पर मैच नहीं खेलने की धमकी भी दी थी। लेकिन स्काई स्पोर्ट्स ने पूरा इंटरव्यू दिखाया।

73 साल के इमरान खान 2023 से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। उन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी ठहराया गया है।

स्काई स्पोर्ट्स ने इमरान खान के बेटों कासिम खान (बाएं) और सुलेमान खान का इंटरव्यू चलाया।

स्काई स्पोर्ट्स ने इमरान खान के बेटों कासिम खान (बाएं) और सुलेमान खान का इंटरव्यू चलाया।

कोच से भी इंटरव्यू के बारे में पूछा गया

पाकिस्तान के हेड कोच सरफराज अहमद से भी पूछा गया कि क्या खिलाड़ियों ने इमरान के बेटों का इंटरव्यू देखा था। इस पर सरफराज ने कहा कि खिलाड़ी लंच कर रहे थे और उन्होंने इंटरव्यू नहीं देखा।

एक रिपोर्टर ने उनसे उन खबरों के बारे में भी पूछा, जिनमें कहा गया था कि स्काई स्पोर्ट्स का इंटरव्यू प्रसारित होने पर PCB ने लंच के बाद टीम को मैदान पर नहीं भेजने की धमकी दी थी।

इस पर सरफराज ने कहा, ‘नहीं, हमें इसके बारे में कुछ नहीं पता। हम लंच कर रहे थे।’ सरफराज अप्रैल 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच बनाए गए थे।

सरफराज अहमद से मैच के बाद इमरान खान की जेल से जुड़े सवाल पूछे गए थे। (फाइल फोटो)

सरफराज अहमद से मैच के बाद इमरान खान की जेल से जुड़े सवाल पूछे गए थे। (फाइल फोटो)

इमरान की सेहत पर कई देशों के क्रिकेटर्स ने अपील की

इमरान खान को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने की मांग को लेकर इंटरनेशनल मीडिया में दूसरे देशों के क्रिकेटरों को शामिल करते हुए खबरें और अपीलें अचानक बढ़ी हैं। इमरान इस समय अदियाला जेल में बंद हैं।

इमरान के पूर्व साथी और कप्तान जावेद मियांदाद ने भी अधिकारियों से उन्हें रिहा करने की अपील की। उन्होंने इमरान को बहुत ईमानदार व्यक्ति बताया।

PCB इस मुद्दे को लंबा नहीं खींचना चाहता था

PCB के एक सूत्र ने कहा कि बोर्ड स्काई स्पोर्ट्स के इंटरव्यू से खुश नहीं था, क्योंकि वह राजनीतिक मुद्दे से जुड़ा था। लेकिन 2 सितंबर को प्रिंस चार्ल्स की ओर से टीम के लिए होने वाले स्वागत समारोह और ब्रिटेन के साथ मौजूदा राजनयिक संबंधों को देखते हुए बोर्ड ने मामला लंबा नहीं खींचा।

सूत्र के मुताबिक, PCB ने सीरीज जारी रखने का फैसला किया और टीम ने खेलना जारी रखा।पाकिस्तान पहला टेस्ट पारी और 103 रन से हार चुका है। तीसरा टेस्ट 9 सितंबर से बर्मिंघम में शुरू होना है।

——————————

इमरान खान जेल से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…

दावा- इंग्लैंड ने अपनी सरकार से मदद मांगी थी; इमरान के बेटों के इंटरव्यू के बाद पाकिस्तान ने मैच से हटने की चेतावनी दी थी

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पाकिस्तान के लॉर्ड्स टेस्ट से हटने की धमकी के बाद ब्रिटेन सरकार से मदद मांगी थी। ECB के CEO रिचर्ड गोल्ड ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से संपर्क किया था। उन्हें डर था कि इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू प्रसारित होने के बाद पाकिस्तानी टीम मैदान पर लौटने से इनकार कर सकती है। पढ़ें पूरी खबर

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *