Headlines

कुनुक नदी में जान जोखिम में डाल रहे लोग:उफनते पुल पर बाइक से आवाजाही, तेज बहाव में लकड़ियां बटोरते दिखे




जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। जैतपुर थाना क्षेत्र की कुनुक नदी में लोग अपनी जान जोखिम में डालते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रसमोहनी स्थित कुनुक नदी के पुल पर पानी तेज बहाव के साथ बह रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग नदी की धार के बीच उतरकर बहकर आई लकड़ियां बटोरते नजर आ रहे हैं। वहीं, कुछ अन्य लोग पानी में डूबे पुल को बाइक से पार करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। यह स्थिति तब है जब पानी का बहाव इतना तेज है कि संतुलन बिगड़ने पर कोई भी व्यक्ति कुछ ही सेकंड में बह सकता है। कुनुक नदी के तेज बहाव के बीच पहुंचकर लोग पानी में बहकर आई लकड़ियों को पकड़ते और बाहर निकालते दिखे। जिस जगह पानी का बहाव इतना प्रबल है कि जरा सी चूक जानलेवा हो सकती है, वहां लोग लकड़ियां निकालने के लिए नदी की धार के बेहद करीब पहुंच रहे थे। सबसे खतरनाक दृश्य रसमोहनी स्थित कुनुक नदी पुल पर देखने को मिला। पुल के ऊपर से पानी बहने के बावजूद कुछ लोग बाइक लेकर इसे पार करने का प्रयास कर रहे थे। पानी की गहराई और बहाव का सही अंदाजा न होने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ने पर व्यक्ति तेज धार में बह सकता है। जैतपुर थाना क्षेत्र में तीन से अधिक छोटे रपटा पुलों के ऊपर से पानी बहने की जानकारी मिली है, जिससे कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर लोगों को पानी के तेज बहाव में पुल पार न करने की समझाइश दी जा रही है। इसके बावजूद वायरल वीडियो में लोग जोखिम उठाते नजर आ रहे हैं। जैतपुर थाना प्रभारी समीर खान ने बताया कि बारिश के चलते कुछ स्थानों पर छोटे रपटा पुलों के ऊपर से पानी बह रहा था। एहतियातन वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल क्षेत्र की स्थिति सामान्य है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *