![]()
नीमच शहर के कैंट थाना क्षेत्र में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक ने ईंट से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। यह घटना ग्वालटोली नाके के पास बालाजी टी स्टॉल के समीप हुई। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के अनुसार, ग्वालटोली के दीवान चौक निवासी कैलाश नामक विक्षिप्त युवक ने लालाराम दीवान पर अचानक ईंट से हमला कर दिया। कैलाश ने लालाराम के सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उपचार के दौरान मौत स्थानीय रहवासियों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल लालाराम को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाते हुए नमूने एकत्रित किए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी कैलाश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। थाना पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति से संबंधित दस्तावेजों और घटना के अन्य सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
Source link
नीमच में मानसिक विक्षिप्त के हमले से युवक की मौत:सिर और शरीर पर मारी ईंट, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
