Headlines

दुर्ग में चाकूबाजी, पुलिस का रातभर सर्च अभियान:5 आरोपी गिरफ्तार, 9 चाकू और तलवार बरामद




दुर्ग शहर में रक्षाबंधन के दिन हुई चाकूबाजी की घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों और संदिग्ध बदमाशों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सीएसपी आईपीएस हर्षित मेहर के नेतृत्व में पुलिस ने एक ही रात में अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर 5 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 3 बालिग और 2 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 9 धारदार चाकू और 1 तलवार समेत कुल 10 हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि अड्डेबाजी, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। रक्षाबंधन के दिन दुर्ग में चाकूबाजी की एक घटना में एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने के बाद पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों पर नजर बढ़ा दी थी। इसके लिए दुर्ग सब-डिवीजन स्तर पर विशेष टीम बनाई गई। सीएसपी हर्षित मेहर के मुताबिक, टीम में एसीसीयू के साथ मोहननगर और कोतवाली थाने के पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने पहले चाकूबाजी और दूसरे अपराधों में शामिल रहे संदिग्धों की सूची तैयार की। इसके बाद उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, पते, सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद तीन टीमों ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर पांच लोगों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में जितेंद्र मरकाम (24), शैलेश देशमुख (22) और जय देशमुख (21) शामिल हैं। तीनों दुर्ग थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इनके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक सभी के कब्जे से अलग-अलग धारदार हथियार बरामद हुए। बरामद हथियारों में 9 चाकू और एक तलवार शामिल है। बाबा धाम से लाए थे चाकू-तलवार पुलिस की प्रारंभिक विवेचना में हथियारों को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। सीएसपी हर्षित मेहर के अनुसार, सावन के दौरान आरोपी कांवड़ यात्रा के लिए देवघर स्थित बाबा धाम गए थे। पुलिस को जांच में पता चला कि वहां से चाकू और अन्य धारदार हथियार लाए गए थे। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में शामिल एक नाबालिग द्वारा बड़ी संख्या में चाकू लाए जाने की जानकारी सामने आई है। इसी में से अन्य लोगों को चाकू बांटे जाने की बात भी जांच में सामने आई है। हालांकि हथियारों की खरीद और वितरण को लेकर पुलिस अभी विस्तृत जांच कर रही है। सस्ते में खरीदकर बेचने की भी जांच पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या देवघर से चाकू लाकर दुर्ग में उन्हें अधिक कीमत पर बेचा जा रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बाबा धाम क्षेत्र में आसानी से धारदार चाकू उपलब्ध होने की जानकारी मिली है। इसे देखते हुए दुर्ग पुलिस देवघर पुलिस के साथ समन्वय कर इस तरह हथियारों की बिक्री और आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए जानकारी साझा करने की तैयारी कर रही है। ऑनलाइन चाकू बिक्री पर भी नजर पुलिस ने ऑनलाइन माध्यम से धारदार हथियारों की बिक्री को लेकर भी निगरानी शुरू कर दी है। सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से आने वाले चाकुओं की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं तो संबंधित कंपनियों या विक्रेताओं के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। अभियान आगे भी रहेगा जारी दुर्ग पुलिस ने साफ किया है कि हथियार लेकर घूमने वाले और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस पुराने रिकॉर्ड वाले बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग और पेट्रोलिंग बढ़ा रही है। पुलिस का उद्देश्य किसी बड़ी वारदात के बाद कार्रवाई करने के बजाय अपराध होने से पहले ही हथियारबाजों और संदिग्धों पर शिकंजा कसना है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह सघन अभियान चलाकर ऐसे लोगों की पहचान और गिरफ्तारी की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *