![]()
सीहोर जिले के बुधनी में सोमवार को वार्ड क्रमांक-4 स्थित अदालत कॉलोनी में हड़कंप मच गया। बारिश के बाद जलभराव वाले एक खाली प्लॉट में मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ को पानी में तैरते देख आसपास के रहवासियों में दहशत फैल गई। लोगों ने छतों से इसका वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मगरमच्छ दिखने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने वन विभाग को जानकारी दी। वन परिक्षेत्र अधिकारी रजित द्विवेदी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वन अमले को तत्काल क्षेत्र में निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। वन विभाग की टीम मगरमच्छ की गतिविधियों पर नजर रख रही है और उसे सुरक्षित पकड़ने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी बुधनी घाट रोड पर एक खेत में मगरमच्छ दिखा था, जिसे पकड़ने में वन विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। अब वार्ड नंबर 4 में मगरमच्छ दिखने से कॉलोनी के रहवासियों में डर का माहौल है। लोगों का मानना है कि बारिश में जलभराव वाले क्षेत्रों में मगरमच्छ पहुंच जाते हैं। वन विभाग ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने सलाह दी है कि लोग पानी से भरे खाली प्लॉट या जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। मगरमच्छ दिखने पर उसके करीब न जाएं और तुरंत वन विभाग को सूचित करें। विभाग का अमला मगरमच्छ को जल्द सुरक्षित पकड़ने की कार्रवाई में जुटा है।
Source link
सीहोर के बुधनी में खाली प्लॉट में दिखा मगरमच्छ:दहशत के बाद वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, पकड़ने का प्रयास जारी
