![]()
उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर शुरू हुआ विवाद अब हिमाचल तक पहुंच गया है। राहुल गांधी के खिलाफ इस मामले में एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में हिमाचल कांग्रेस कुछ देर बाद शिमला के डीसी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में होने वाले प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस विधायक और पूर्व विधायक समेत पार्टी के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। शिमला नगर निगम के कांग्रेस पार्षद और जिला कांग्रेस के पदाधिकारी भी प्रदर्शन में मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी पर दर्ज हुई FIR विवाद ने नया राजनीतिक मोड़ तब लिया जब हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी ने शुद्धिकरण की घटना को जातिगत रंग देकर अनुसूचित जाति समुदाय की भावनाओं को आहत किया और सामाजिक वैमनस्य फैलाने की कोशिश की। मामले में एससी-एसटी एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की धाराएं लगाई गई हैं। कांग्रेस का आरोप है कि शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय इस घटना का विरोध करने वाले राहुल गांधी पर ही एफआईआर दर्ज कर दी गई। इसी के विरोध में हिमाचल कांग्रेस ने आज शिमला में प्रदर्शन का फैसला लिया है। कांग्रेस का निशाना भाजपा पर हिमाचल कांग्रेस इस प्रदर्शन के जरिए भाजपा पर जातिगत भेदभाव की मानसिकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर का विरोध करेगी। पार्टी का कहना है कि वह हल्द्वानी की घटना और उसके बाद राहुल गांधी पर हुई कानूनी कार्रवाई के खिलाफ राजनीतिक और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएगी।
Source link
हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद की आंच हिमाचल पहुंची:शिमला में DC ऑफिस के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, सीएम समेत सभी मंत्री-नेता शामिल होंगे
