![]()
रायपुर के फुंडहर गोधाम में गायों की मौत और बदहाल व्यवस्था को लेकर दैनिक भास्कर की खबर के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने फुंडहर और गोकुल नगर गोधाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बारिश के दौरान गोवंश को पानी से बचाने के लिए तत्काल तिरपाल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने अधिकारियों को गोधामों में चारा, दाना और पानी की उपलब्धता के साथ साफ-सफाई और गोवंश की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही शासकीय पशु चिकित्सकों के मार्गदर्शन में नियमित स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फुंडहर में बारिश से बचाने तुरंत तिरपाल लगाने कहा आयुक्त ने फुंडहर गोधाम की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। बारिश के दौरान गोवंश को पानी और खराब मौसम से बचाने के लिए तत्काल तिरपाल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को भी फुंडहर गोधाम जाकर नियमित निरीक्षण करने और गोवंश को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी कदम उठाने कहा गया है। चारा-पानी से लेकर इलाज तक व्यवस्था जांची गोधामों में निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने दाना, चारा, पानी, स्वच्छता और गोवंश की सुरक्षा की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गोवंश की समय-समय पर चिकित्सकीय जांच और टीकाकरण के लिए शासकीय पशु चिकित्सकों के मार्गदर्शन में व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सभी गोधामों की लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश आयुक्त ने अधिकारियों को गोधामों की व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग करने को कहा है, जिससे किसी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि गोवंश आस्था भी है और जिम्मेदारी भी, इसलिए शासन-प्रशासन के साथ मिलकर उनके लिए जरूरी व्यवस्थाएं जल्द सुनिश्चित की जाएंगी। निगम की लोगों से अपील- मवेशियों को सड़क पर न छोड़ें नगर निगम ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अपने गोवंश को सड़कों पर खुले में न छोड़ें। सड़क पर घूमने वाले मवेशियों से दुर्घटना का खतरा रहता है और उन्हें भी चोट लगने या अन्य परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, उपायुक्त जसदेव सिंह बाबरा, जोन-6 कमिश्नर हितेन्द्र यादव, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, दिनेश सिन्हा समेत निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link
भास्कर की खबर का असर:गायों की मौत पर जागा प्रशासन:आयुक्त संबित मिश्रा ने फुंडहर और गोकुल नगर गोधाम का किया निरीक्षण,दिए निर्देश
