![]()
जांजगीर-नैला नगर पालिका क्षेत्र में चरमराई सफाई व्यवस्था और बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दो दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया है। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो वे आम जनता के साथ ट्रैक्टर लेकर शहर का कचरा इकट्ठा करेंगे और उसे नगर पालिका व कलेक्टर कार्यालय परिसर में डालेंगे। वार्डों से मुख्य मार्गों तक कचरा जमा विधायक का आरोप है कि जांजगीर-नैला के वार्डों के साथ मुख्य मार्गों से भी कचरा उठाव बंद हो गया है। इसके चलते सड़कों के किनारे और आसपास गंदगी के ढेर लग गए हैं। कई इलाकों में दुर्गंध फैलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कश्यप ने कहा कि बारिश के कारण शहर की सड़कों की स्थिति पहले ही खराब है। ऐसे में सफाई व्यवस्था ठप होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। मंत्री के निर्देश के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति विधायक ने बताया कि नगरीय निकाय एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री के दौरे के दौरान बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी नगर में कचरा उठाव की व्यवस्था प्रभावित हो गई। उनका आरोप है कि सड़कों के बीच और किनारे कचरा जमा होने से गंदगी के साथ दुर्गंध की समस्या भी बढ़ गई है। CMO छुट्टी पर, प्रभारी के भरोसे संचालन नगर पालिका में अव्यवस्था को लेकर जानकारी लेने पर सामने आया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) छुट्टी पर हैं और फिलहाल प्रभारी CMO के जरिए पालिका का संचालन किया जा रहा है। व्यवस्था कब तक सामान्य होगी, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। सुधार नहीं हुआ तो जन आंदोलन विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि नगर की मूलभूत सुविधाओं से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने दो दिन में सफाई और सड़क व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस आम जनता के साथ आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद होने वाले विरोध और जनआंदोलन के लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा।
Source link
जांजगीर-नैला में सफाई, सड़क बदहाल:विधायक व्यास कश्यप नेकलेक्टर को दिया 2 दिन का अल्टीमेटम, बोले- खुद ट्रैक्टर लेकर उठाएंगे कचरा
