Headlines

अयोध्या से चोरी ट्रैक्टर-ट्राली बस्ती में बरामद:22 वर्षीय युवक गिरफ्तार, पहले से चार मुकदमे दर्ज




बस्ती पुलिस ने अयोध्या के हनुमानगढ़ी क्षेत्र से चोरी हुए एक ट्रैक्टर-ट्राली को बरामद किया है। इस मामले में दुबौलिया थाना क्षेत्र के पिठिया लश्करी निवासी 22 वर्षीय मंगरू उर्फ मनीष यादव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर बस्ती, अयोध्या और गोंडा में पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। अयोध्या के गद्दोपुर निवासी देवांश कुमार जायसवाल ने 30 अगस्त को थाना श्रीरामजन्मभूमि में हनुमानगढ़ी से ट्रैक्टर-ट्राली चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। अयोध्या पुलिस ने इस चोरी की सूचना बस्ती के विभिन्न थानों को भी दी थी, जिसके बाद दुबौलिया पुलिस सक्रिय हो गई थी। मंगलवार को दुबौलिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर लेकर एक युवक रमवापुर बाजार से जोगीयाबीर गांव की ओर जाने वाली सड़क पर मौजूद है। सूचना पर थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुबह करीब 11:25 बजे मंगरू उर्फ मनीष यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सीओ हरैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अयोध्या में कबाड़ उठाने का काम करता है। उसने बताया कि सुनसान जगहों पर कीमती सामान मिलने पर वह उसे चोरी कर लेता है। आरोपी के अनुसार, उसने हनुमानगढ़ी की पार्किंग में खड़े ट्रैक्टर को सीधे स्टार्ट किया और बस्ती लाकर छिपाने का प्रयास किया था। उसकी निशानदेही पर नियामतपुर पंचायत भवन के पास से चोरी की ट्राली भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के पास से 1200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। मंगरू उर्फ मनीष यादव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) और आबकारी अधिनियम के तहत पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *