![]()
कुरुक्षेत्र नगर परिषद कार्यालय के बाहर पिछले 27 दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान मंगलवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब धरने पर बैठे महिला सफाई कर्मचारी सरकार का पुतला फूंकने के बाद नगर परिषद कार्यालय में घुस गईं। यहां उन्होंने सफाई दरोगाओं पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए धक्का मुक्की शुरू कर दी। करीब आधे घंटे तक कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। हंगामे की सूचना मिलते ही कृष्णा गेट थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। दरोगाओं पर आंदोलन कमजोर करने का आरोप धरने पर बैठी महिला सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि सफाई दरोगा सफाई दरोगा बनारसी, राजेंद्र कुमार और सत्यवान अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर उनके आंदोलन को कमजोर करने में लगे हुए हैं। कर्मचारियों का कहना था कि जब वे अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं, ऐसे में कुछ कर्मचारी अधिकारियों के साथ मिलकर आंदोलन को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप है कि आज मंगलवार को वे नगर परिषद कार्यालय में थे तो दरोगाओं द्वारा उनके साथ गाली गलोज और मारपीट की गई। वहीं सफाई दरोगाओं ने महिला कर्मचारियों के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वे कार्यालय में अपने निजी काम से आए थे। उनका आरोप है कि बिना वजह उनके साथ धक्कामुक्की और मारपीट की गई। ईओ भी कार्यालय में मौजूद थे घटना के दौरान नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार भी अपने कार्यालय में मौजूद थे। कर्मचारियों और दरोगाओं के बीच विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं। सफाई दरोगाओं ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि शिकायत के अनुसार मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कुरुक्षेत्र नप कार्यालय में सफाई कर्मचारियों का हंगामा:महिला कर्मचारियों ने दरोगा से धक्कामुक्की, आधे घंटे चला हंगामा
