![]()
झज्जर जिले में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच बहादुरगढ़ में देर रात प्रशासन की कूड़ा उठाने की कार्रवाई को लेकर जमकर हंगामा हुआ। रात करीब 2 बजे प्रशासन और पुलिस की टीम कूड़ा उठाने पहुंची तो सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला झड़प तक पहुंच गया। मौके पर तनाव बढ़ने के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और कई कर्मचारियों को हिरासत में लिया।
महिला कर्मचारी को घसीटकर ले जाने का वीडियो सामने आया
घटना के दौरान महिला सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लेने को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया। सामने आए वीडियो में एक महिला सफाई कर्मचारी को पुलिस जवान घसीटते हुए ले जाते नजर आ रहे हैं। महिला कर्मचारी पुलिस कार्रवाई का विरोध करती दिखाई दे रही है। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों में भी रोष देखने को मिला।
कूड़ा फेंकने के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि प्रशासन की टीम जब कूड़ा उठाने लगी तो कर्मचारियों ने इसका विरोध किया। इसी दौरान कर्मचारियों की ओर से कूड़ा फेंके जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने कर्मचारियों को पीछे हटाने के लिए बल प्रयोग किया और कुछ कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया।
झड़प के दौरान कई सफाई कर्मचारियों के घायल होने की भी सूचना है। घायल कर्मचारी मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचे। कर्मचारियों ने पुलिस पर कार्रवाई के दौरान बल प्रयोग करने का आरोप लगाया है।
झज्जर में रात 3 बजे तक आमने-सामने रहे प्रशासन और कर्मचारी
बहादुरगढ़ के बाद झज्जर में भी देर रात तक प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी रही। करीब रात 3 बजे प्रशासन और सफाई कर्मचारी आमने-सामने हो गए।
यहां शाम करीब 5 बजे शुरू हुआ कूड़ा उठाने का अभियान सुबह तक चलता रहा। प्रशासन की टीम कूड़ा उठाने में जुटी रही, जबकि सफाई कर्मचारी भी मौके पर डटे रहे और कूड़े की निगरानी करते नजर आए।
हड़ताल के बीच बढ़ता जा रहा तनाव
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहरों में जमा कूड़े को उठाने के लिए प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था कर रहा है। दूसरी ओर कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हैं। इसी वजह से प्रशासन और कर्मचारियों के बीच टकराव की स्थिति लगातार बन रही है।
बहादुरगढ़ में रात 2 बजे और झज्जर में रात 3 बजे तक चले घटनाक्रम ने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर चल रहे विवाद को और गरमा दिया है। अब पुलिस कार्रवाई और महिला कर्मचारी को हिरासत में लिए जाने के तरीके को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Source link
बहादुरगढ़ रात के अंधेरे में में बवाल:रात दो बजे सफाई कर्मचारी और पुलिस प्रशासन आमने सामने,महिला सफाई कर्मचारी को घसीटकर ले जाती पुलिस जवान का वीडियो वायरल
