![]()
हरियाणा में आज से मानसून एक्टिव हो रहा है। पाकिस्तान के ऊपर बने एक मजबूत चक्रवातीय सर्कुलेशन के कारण और मानसूनी ट्रफ रेखा के हिमालय से मैदानी इलाकों की ओर खीसकने के कारण आज हरियाणा में बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज 3 जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में तेज बारिश की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बाकि अन्य जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आगामी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों के लिए एडवाजरी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3-4 दिन फसलों में पानी न दें और किसी भी रसायन का छिड़काव न करें। हवा में नमी अधिक होने से कपास में सफेद मक्खी और धान में जड़ सुंडी का प्रकोप बढ़ सकता है, इसलिए मौसम साफ होने पर ही दवाओं का प्रयोग करें। जाने आगामी 3 दिन कैसा रहेगा मौसम… 3 सितंबर को मानसूनी गतिविधियां बढ़ेंगी। उत्तरी व पूर्वी हरियाणा पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद में यलो अलर्ट के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। 4 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश की संभावना है। उत्तरी व पूर्वी जिलों में यलो अलर्ट जारी रहेगा। 5 सितंबर को मानसून की गतिविधियां और बढ़ेगी। दक्षिण-पूर्वी व उत्तरी हरियाणा के लगभग 10-12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगस्त में 7% कम बरसात, 3 साल में सबसे कम मानसून के तीन माह बीत चुके हैं। अगस्त में हरियाणा में सामान्य 146.1 मिमी के मुकाबले 135.4 मिमी ही बारिश हुई, जो कि पिछले 3 सालों में सबसे कम है। 1 जून से 31 अगस्त तक प्रदेश में 283.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 349.9 मिमी होती है। अब तक के आंकड़ों की बात करें तो नूंह (+25%), पलवल (+26%), गुरुग्राम (+17%), फरीदाबाद (+7%) और भिवानी (+41%) में सामान्य से अधिक बारिश हुई। जबकि करनाल (-68%), जींद (-51%), कैथल (-49%), अंबाला (-37%) और रोहतक (-19%) में भारी कमी दर्ज की गई है। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… हिसार में सबसे ज्यादा गर्मी : प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान औसतन अधिकतम तापमान में -0.5°C की हल्की गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि यह सामान्य से लगभग 1.6°C अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान हिसार में 38.2°C रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा भिवानी में 36.5°C, अंबाला में 36.2°C, नारनौल में 36.0°C और रोहतक में 35.4°C तापमान दर्ज किया गया। हिसार के बालसमंद में रात सबसे ठंडी : हरियाणा में रात का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। बीते 24 घंटों में रात के तापमान में -0.1°C का मामूली अंतर देखा गया। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान हिसार के बालसमंदमें 24.5°C दर्ज किया गया। हिसार 25.3°C, झज्जर 25.4°C, पंचकूला 25.4°C, महेंद्रगढ़ 26.0°C, करनाल 26.5°C, रोहतक 26.8°C और गुरुग्राम में 27.0°C न्यूनतम तापमान रहा।
Source link
हरियाणा में आज से एक्टिव होगा मानसून:3 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट; 4 सितंबर को अधिकांश हिस्सों में तेज बरसात की संभावना
