![]()
पंजाब सरकार, खेल विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व की शताब्दी को समर्पित पठानकोट में 5 किलोमीटर की ‘रन फॉर इक्वेलिटी’ (समानता की दौड़/क्रॉस कंट्री) मैराथन का विशेष आयोजन किया गया। इस दौड़ को पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बता दे, पठानकोट में बुधवार की सुबह तेज बारिश हुई। जिससे सड़कें पानी से लबालब थीं। मैराथन 7 बजे निकाली जामी थी। लेकिन, भारी बारिश के कारण एक घंटा देरी से शुरू हुई। लेकिन, हल्की बारिश जारी रही। इसके बावजूद बच्चों में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस मैराथन में दौड़े। जिसकी केबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने भी सराहना की। 700 के करीब बच्चों ने लिया भाग, बारिश के बावजूद दिखा भारी उत्साह जिला खेल अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस 5 किलोमीटर मैराथन रेस में पठानकोट के विभिन्न स्कूलों और संस्थाओं के लगभग 700 बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मौसम खराब होने और बारिश के बावजूद बच्चों और शिक्षकों में भारी उत्साह देखने को मिला। मुफ्त किट और खुराक: दौड़ में हिस्सा लेने वाले सभी छात्रों को प्रशासन की ओर से स्पोर्ट्स किट और पौष्टिक खुराक (डाइट) भी उपलब्ध कराई गई। पंजाब सरकार द्वारा 650वें प्रकाश पर्व पर तय किए गए बड़े कार्यक्रम मौके पर मौजूद कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने शहर निवासियों और पंजाब वासियों को शताब्दी समारोह की बधाई देते हुए बताया कि गुरु साहिब की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा बड़े स्तर पर उपक्रम किए जा रहे हैं: सेमिनार और डॉक्यूमेंट्री फिल्म: विश्वविद्यालयों और अकादमिक संस्थानों में गुरु साहिब के दर्शन और वाणी पर विद्वानों द्वारा सेमिनार करवाए जा रहे हैं। इसके अलावा ड्रोन शो और गुरु साहिब के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म पंजाब के सभी गांवों में दिखाई जा रही है। चार बड़ी नगर कीर्तन यात्राएं: आने वाले दिनों में चार विशाल यात्राएं (जम्मू, बठिंडा, जालंधर और गुरु साहिब के जन्म स्थान काशी/वाराणसी से) शुरू होकर पूरे देश को संदेश देती हुई श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी। समानता का संदेश: मंत्री ने गुरु साहिब की तुक “ऐसा चाहूं राज मैं जहां मिले सबन को अन्न। छोट बड़ो सब सम बसै रविदास रहै प्रसन्न॥” का जिक्र करते हुए कहा कि यह दौड़ समाज में समानता का संदेश देने के लिए आयोजित की गई है।
Source link
पठानकोट में समानता के लिए 5 किमी. दौड़े 700 बच्चे:शहर में 'रन फॉर इक्वेलिटी' का आयोजन, कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने दिखाई हरी झंडी
