![]()
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी के विरोध में आजसू पार्टी ने बुधवार शाम छहमुहान चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला जलाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने पुतला छीन लिया। इसे लेकर पुलिस और आजसू नेताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिसकर्मी पुतला लेकर मौके से चले गए, जबकि उसका कुछ हिस्सा आजसू नेताओं के पास रह गया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से अलर्ट था। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में पुलिस बल छहमुहान चौक पर तैनात किया गया था। सरकार के खिलाफ जताया विरोध आजसू पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पहले से तय कार्यक्रम के तहत शाम को छहमुहान चौक पर जुटे थे। पार्टी कार्यकर्ता जेपीएससी और जेएसएससी के उम्मीदवारों की मांगों और परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ी को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का पुतला लेकर उसे जलाने पहुंचे। पुलिस ने जैसे ही पुतला जलाने की तैयारी देखी, उसे अपने कब्जे में लेने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी और अधिक नाराज हो गए। पुलिस कार्रवाई के विरोध में सड़क पर धरना पुतला जब्त किए जाने से नाराज आजसू नेता और कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने के अधिकार को दबाने की कोशिश की जा रही है। नेताओं ने कहा कि सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया जा रहा था, लेकिन पुलिस ने पुतला छीनकर प्रदर्शन को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि विरोध की आवाज को दबाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान मौके पर काफी देर तक नारेबाजी होती रही और प्रदर्शनकारियों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी देखी गई। पहले से तैनात था पुलिस बल आजसू के प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम को लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने पहले ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया था। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा था, ताकि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। इसी निर्देश के तहत छहमुहान चौक पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन में आजसू पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी शुक्ला, विकेश शुक्ला, बबलू गुप्ता, अभिषेक राज समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। पुतला छीनने और पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की के बाद प्रदर्शनकारियों में काफी गुस्सा देखा गया।
Source link
JPSC-JSSC परीक्षा गड़बड़ी का विरोध:पलामू में आजसू जलाने जा रही थी सीएम का पुतला, पुलिस ने छीना
