![]()
नशे की रोकथाम और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए बुधवार को रामपुर में एक उपमंडल स्तरीय एनकॉर्ड बैठक हुई। यह बैठक विकास खंड समिति सभागार में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता सहायक आयुक्त राजस्व और तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार और उपमंडल पुलिस अधिकारी रामपुर नरेश शर्मा ने की। बैठक में रामपुर उपमंडल में नशे की स्थिति, नशा विरोधी गतिविधियों और विभागों के प्रयासों की समीक्षा की गई। रामपुर विकास खंड की 5 और ननखड़ी विकास खंड की 8 पंचायतों को मिलाकर कुल 13 पंचायतों को नशे के लिहाज से ‘रेड कैटेगरी’ में रखा गया है। इन पंचायतों में नशे की रोकथाम के लिए हर महीने समीक्षा बैठक होगी। भविष्य में जिन पंचायतों में नशे की लत ज्यादा पाई जाएगी, उन्हें भी रेड कैटेगरी में शामिल किया जाएगा। नशे की गतिविधियों पर कड़ी नजर रेड कैटेगरी वाली पंचायतों में नशे की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, नशा निवारण समितियों को सक्रिय करने और पंचायत स्तर पर लगातार नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया गया। युवाओं और छात्रों को नशे से दूर रखने के लिए स्कूलों, पंचायतों और सामुदायिक स्तर पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर बात हुई। नशे से निपटने के लिए सभी विभाग मिलकर करें काम सहायक आयुक्त राजस्व और तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना जरूरी है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने इलाकों में नशे से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखने और ऐसी कोई भी जानकारी तुरंत संबंधित विभागों को बताने का आग्रह किया। उन्होंने पंचायत स्तर पर बनी नशा निवारण समितियों को सक्रिय रूप से काम करने और उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। हर पंचायत में महीने में एक बार बैठक करने के निर्देश कुमार ने रेड कैटेगरी की हर पंचायत में हर महीने बैठक करने के निर्देश दिए। इन बैठकों के लिए संबंधित विभाग के एक अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। यह अधिकारी पंचायत में नशे की स्थिति, की गई गतिविधियों और जरूरी कार्रवाई से जुड़ी मासिक रिपोर्ट देगा। युवाओं और आम लोगों में जागरूकता पैदा करने का संकल्प उपमंडल पुलिस अधिकारी रामपुर नरेश शर्मा ने नशे की रोकथाम के लिए पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं और आम लोगों में जागरूकता पैदा करना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने लोगों से नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने का आग्रह किया। ये रहे मौजूद
बैठक में खंड विकास अधिकारी रामपुर अंकुश, खंड विकास अधिकारी ननखड़ी मनोज कुमार, नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष कर्ण शर्मा, नायब तहसीलदार सराहन प्रेम सिंह नेगी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, संबंधित पंचायतों के प्रधान व उपप्रधान तथा गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
Source link
रामपुर में नशे का खतरा, रेड जोन में 13 पंचायतें:ड्रग्स की रोकथाम पर एनकॉर्ड बैठक; हर महीने समीक्षा करेगा प्रशासन
