![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में एक पुजारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय गोरा अंगरिया के रूप में हुई है। हत्या का आरोप गांव के ही 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया पर लगा है। वारदात के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया। ग्रामीणों के अनुसार पोंडे राम पिछले कुछ दिनों से अजीब हरकतें कर रहा था। परिवार के लोग उसे ठीक कराने के लिए झाड़-फूंक करा रहे थे। इसी सिलसिले में मंगलवार रात पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया उसके घर पहुंचे थे। उनके साथ गांव के कुछ अन्य लोग भी थे। देर रात तक पूजा-पाठ चलता रहा। पूजा के बाद कमरे में ही रुक गए पुजारी और डाकुवा पूजा-पाठ का कार्यक्रम खत्म होने के बाद गांव के ज्यादातर लोग अपने-अपने घर लौट गए। हालांकि पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया वहीं रुक गए। दोनों उसी कमरे में सो गए, जहां पोंडे राम भी मौजूद था। सुबह करीब साढ़े चार बजे जब सभी लोग सो रहे थे, तभी पोंडे राम ने पुजारी गोरा अंगरिया पर चाकू से हमला कर दिया। बताया गया कि पुजारी गहरी नींद में थे। आरोपी ने उनकी गर्दन पर चाकू से कई वार किए। अचानक हुए हमले से डाकुवा मुखी राम कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी मौके से भाग निकला। घटना के बाद डाकुवा ने गांव के मुंडा गोमा अंगरिया को इसकी जानकारी दी। मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ पुजारी की हत्या की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सुबह होते-होते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। डाकुवा मुखी राम अंगरिया ने घटना की सूचना गोइलकेरा पुलिस को भी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों से भी जानकारी ली। घटना के बाद गांव में तनाव और डर का माहौल बना हुआ है। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस गोइलकेरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ आरोपी पोंडे राम अंगरिया की तलाश में जुटी है। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से असामान्य व्यवहार कर रहा था और परिवार के लोग झाड़-फूंक के जरिए उसे ठीक कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी वजह से पुजारी और डाकुवा उसके घर पहुंचे थे। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ रही है। वारदात के बाद आरोपी के फरार होने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। पुलिस आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रही है और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
Source link
पश्चिमी सिंहभूम में सो रहे पुजारी की चाकू से हत्या:झाड़-फूंक के लिए घर पहुंचे थे पुजारी, सुबह नींद में गर्दन पर किए कई वार
