Headlines

बैग से एटीएम निकाल भाग रहा चोर, युवती ने पकड़ा:पीसीआर की गाड़ी आरोपी को ले गई लोअर बाजार थाना, हो रही पूछताछ




राजधानी रांची के मेन रोड स्थित अलबर्ट एक्का चौक के पास मंगलवार शाम एक युवती ने साहस का परिचय देते हुए बैग से एटीएम कार्ड निकालकर भाग रहे चोर को करीब 100 मीटर तक दौड़ाकर पकड़ लिया। चोर की पहचान हिंदपीढ़ी निवासी मो. जाहिद के रूप में हुई है। वहीं उसे पकड़ने वाली युवती सोनी कुमारी पिस्का मोड़ की रहने वाली है। सोनी जेपीएससी की तैयारी कर रही हैं। सोनी ने बताया कि लालपुर स्थित कोचिंग सेंटर से निकलने के बाद मंगलवार शाम अपने लिए चप्पल खरीदने अलबर्ट एक्का चौक पहुंची थीं। इसी दौरान मो. जाहिद भी वहां पहुंचा और भीड़ का फायदा उठाकर सोनी के बैग की चेन खोलकर एटीएम कार्ड निकाल लिया। बैग की चेन खुलने का अहसास होते ही सोनी ने भाग रहे चोर का पीछा शुरू कर दिया। जाहिद तेज रफ्तार से भागने लगा तो सोनी ने अपनी चप्पल उतारी और उसके पीछे दौड़ पड़ीं। करीब 100 मीटर दूर सर्जना चौक के पास सोनी ने चोर को पकड़ लिया। उन्होंने उसके पास से अपना एटीएम कार्ड बरामद कर लिया। इसके बाद पीसीआर की गाड़ी मौके पर पहुंची और आरोपी को लोअर बाजार थाना ले गई। पकड़ाते ही जेब से मोबाइल निकालकर सड़क पर फेंका सर्जना चौक के पास पकड़े जाने के बाद आरोपी ने अपनी जेब से एक मोबाइल निकाला और चुपके से सड़क पर गिरा दिया। आशंका है कि मोबाइल भी किसी दूसरे स्थान से चोरी किया गया हो। पुलिस मोबाइल के संबंध में भी जांच कर रही है। मेन रोड पर सक्रिय है गिरोह मेन रोड पर चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय रहता है। खरीदारी के लिए पहुंचने वाली महिलाओं और युवतियों के पर्स से चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। कई को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *