![]()
महेंद्रगढ़ शहर में नगर पालिका की ओर से 10 पब्लिक टॉयलेट का निर्माण कराया जाएगा। नगर पालिका की ओर से टेंडर जारी कर दिया गया है। अधिकारियों की मानें तो 20 दिन में टॉयलेट का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। नगर पालिका की ओर से बनाए जाने वाले इन टॉयलेट में केवल निर्माण पर ही ध्यान नहीं दिया जाएगा, बल्कि लोगों की सुविधा और स्वच्छता को भी प्राथमिकता दी जाएगी। टॉयलेट में नियमित सफाई, स्वच्छ पानी, पर्याप्त वेंटिलेशन और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की योजना है। सार्वजनिक स्थानों पर लंबे समय से टॉयलेट की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर इस सुविधा के अभाव में परेशानी का सामना करना पड़ता है। 3 टॉयलेट होंगे अति आधुनिक नगर पालिका की ओर से शहर के मोहल्ला सैनीपुरा, माता मसानी चौक और मोहल्ला खटीकान में टॉयलेट निर्माण का प्लान तैयार किया है। यह शौचालय आधुनिक सुविधाओं से लैंस होंगे। एक शौचालय में करीब 15 लाख रुपए की लागत आएगी। रेलवे स्टेशन से लेकर बाजारों तक मिलेगी सुविधा नगर पालिका की योजना के तहत शहर के अलग-अलग प्रमुख स्थानों को कवर किया गया है। रेलवे स्टेशन के समीप टॉयलेट बनने से ट्रेन पकड़ने या शहर में आने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा गौशाला रोड, पुराने गर्ल्स कॉलेज के समीप, सैनीपुरा मोहल्ला, आजाद चौक, सब्जी मंडी और डुलाना रोड पर भी पब्लिक टॉयलेट का निर्माण कराया जाएगा। इन स्थानों का चयन लोगों की आवाजाही और सार्वजनिक सुविधा की जरूरत को ध्यान में रखते हुए किया गया है। बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। खुले में गंदगी की समस्या होगी कम शहर के सार्वजनिक स्थानों पर टॉयलेट की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण कई बार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर खुले में गंदगी फैलने की समस्या भी सामने आती है। नए पब्लिक टॉयलेट बनने के बाद इस समस्या में कमी आने की उम्मीद है। शहर को साफ सुथरा बनाना है उद्देश्य नगर पालिका का उद्देश्य शहर को साफ-सुथरा बनाने के साथ नागरिकों और बाहर से आने वाले लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यदि टॉयलेट का नियमित रखरखाव और सफाई व्यवस्था भी प्रभावी तरीके से लागू रहती है तो इसका सीधा लाभ शहरवासियों को मिलेगा। क्या बोले नगर पालिका के चेयरमैन इस संबंध में नगर पालिका के चेयरमैन रमेश सैनी का कहना है कि नगर पालिका की ओर से टॉयलेट में नियमित सफाई, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था पर ध्यान दिया जाएगा। टॉयलेट को स्वच्छ रखने के लिए नियमित निगरानी होगी। इससे लोगों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था भी मजबूत होगी।
Source link
महेंद्रगढ़ शहर में बनेंगे 10 पब्लिक टॉयलेट:20 दिन में शुरू होगा निर्माण, टेंडर जारी; सफाई-पानी और सुरक्षा पर रहेगा फोकस
