Headlines

तिलैया डैम जलस्तर 3 दिन में 5 फीट बढ़ा:खूबसूरती देखने उमड़ी भीड़, लबालब पानी से निखरा डैम का नजारा, आसपास हरियाली भी बढ़ी




कोडरमा में बीते तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश का असर तिलैया डैम के जलस्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। कोडरमा-हजारीबाग जिले की सीमा पर स्थित तिलैया डैम में पानी बढ़ने के साथ इसकी खूबसूरती और निखर गई है। डैम में लबालब पानी और आसपास के हरे-भरे पेड़-पौधों से मनोरम दृश्य बन गया है, जिसे देखने के लिए आसपास के लोग और पर्यटक पहुंचने लगे हैं। जंगलों और नेशनल हाईवे से सटा तिलैया डैम वैसे भी अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है, लेकिन लगातार बारिश के बाद यहां का नजारा और आकर्षक हो गया है। जैसे-जैसे जलस्तर बढ़ रहा है, लोगों की आवाजाही भी बढ़ रही है। डैम की बेहतर कनेक्टिविटी और प्राकृतिक सुंदरता के कारण यहां कोडरमा के अलावा हजारीबाग, चतरा, रामगढ़, गिरिडीह सहित बिहार और पश्चिम बंगाल से भी पर्यटक पहुंचते हैं। 1201 से बढ़कर 1206 फीट हुआ जलस्तर तीन दिनों की बारिश के बाद तिलैया डैम का जलस्तर करीब 5 से 6 फीट तक बढ़ गया है। हेडल सैयद मेहताब कादरी के अनुसार, 30 और 31 अगस्त को डैम का जलस्तर 1201 फीट था, जो अब बढ़कर करीब 1206 फीट पहुंच गया है। हालांकि, फिलहाल डैम का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है। उन्होंने बताया कि तिलैया डैम का डेंजर वाटर लेवल 1218 फीट है। ऐसे में मौजूदा स्थिति में डैम के फाटक खोलने की जरूरत नहीं है। लगातार बारिश के कारण जलस्तर में और बढ़ोतरी होने की संभावना के बीच डैम प्रबंधन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। दूसरी ओर, पानी बढ़ने के साथ आसपास का प्राकृतिक वातावरण भी और हरा-भरा हो गया है, जिससे यहां पहुंचने वाले लोगों को बारिश के मौसम में डैम का अलग ही रूप देखने को मिल रहा है। बोटिंग के लिए खास आकर्षण, आधुनिक बोट की सुविधा तिलैया डैम आने वाले पर्यटकों के लिए बोटिंग खास आकर्षण का केंद्र है। यहां जिला प्रशासन की ओर से अलग-अलग प्रकार की कई आधुनिक बोट की व्यवस्था कराई गई है। इनमें डबल डेकर और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट भी शामिल हैं। बारिश के बाद डैम में पानी बढ़ने और चारों ओर हरियाली छाने से बोटिंग का आनंद लेने के लिए भी पर्यटकों की रुचि बढ़ी है। डैम का मनोरम दृश्य, जंगलों की हरियाली और पानी से घिरा वातावरण यहां आने वाले लोगों को आकर्षित करता है। यही वजह है कि बारिश के बाद आसपास के इलाकों के लोग भी परिवार और दोस्तों के साथ यहां घूमने पहुंच रहे हैं। बेहतर सड़क संपर्क के कारण दूसरे जिलों और पड़ोसी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी तिलैया डैम पहुंचना आसान है। पर्यटकों की सुरक्षा पर पुलिस की नजर दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है। इसे देखते हुए तिलैया डैम में कोडरमा पुलिस के जवानों की तैनाती लगातार बनी रहती है। पुलिसकर्मी डैम घूमने आने वाले लोगों को पानी के करीब जाने से रोकते हैं और बोटिंग के दौरान भी सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हैं। बारिश के बाद जलस्तर बढ़ने के कारण पानी के आसपास सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी हो गई है। प्रशासन और पुलिस की कोशिश है कि पर्यटक डैम की खूबसूरती और बोटिंग का आनंद सुरक्षित तरीके से लें। फिलहाल जलस्तर 1206 फीट के आसपास है, जबकि खतरे का स्तर 1218 फीट है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *