![]()
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में निजामपुर कस्बे में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक गोदाम का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि घटनास्थल निजामपुर थाना से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। चोर गोदाम से बीड़ी के चार पैकेट, नमकीन के पैकेट और तेल की बोतलें चोरी कर फरार हो गए। वहीं, इसी रात एक अन्य स्थान पर भी चोरी की वारदात सामने आई है। फिलहाल मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। गोदाम से सामान मिला गायब गोदाम संचालक पवन शर्मा निवासी छिलरो ने बताया कि गुरुवार सुबह जब वह गोदाम पहुंचे, तो ताला टूटा हुआ मिला और अंदर रखा सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने निजामपुर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। ताला तोड़कर किया प्रवेश जानकारी के अनुसार, चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा सामान समेटकर फरार हो गए। इसी दौरान उन्होंने पास की एक अन्य दुकान को भी निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन वहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके। एक अन्य जगह भी वारदात उधर, सुनील सोनी ने बताया कि उनके द्वारा किराए पर लिए गए चौबारे की खिड़की भी चोरों ने तोड़ दी। खिड़की के रास्ते अंदर घुसे चोर वहां रखी दो पुरानी एलईडी लेकर फरार हो गए। एक ही रात में दो स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि थाना नजदीक होने के बावजूद चोरी की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। मामले की जांच में जुटी पुलिस इस संबंध में एएसआई राकेश ने बताया कि पवन शर्मा की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link
नारनौल में थाने से 100 मीटर दूर गोदाम में चोरी:ताला तोड़ बीड़ी, नमकीन और तेल की बोतलें ले गए चोर, एक ही रात दो जगह वारदात
