Headlines

जालंधर के ट्रैवल एजेंट्स के खिलाफ 150 शिकायतें:सैकड़ों लोग CP दफ्तर पहुंचे, दावा-पुलिस नहीं करती कार्वाई, एजेंट धमकाते हैं जहां मर्जी जाओ




जालंधर के ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ CP दफ्तर पहुंचे लोगों ने 150 के करीब शिकायत दीं। लोगों ने कहा कि पंजाब में खासकर जालंधर में फर्जी और धोखाधड़ी करने वाले ट्रैवल एजेंटों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। यहां जो सैकड़ों लोग पहुंचे हैं इनके साथ जालंधर में विभिन्न ट्रैवल एजेंटों ने ठगी की है।
इसे लेकर पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के नाम शिकायतें दे दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि एक-एक शिकायतकर्ता को बारी-बारी से दफ्तर बुलाया जाएगा। अगर ट्रैवल एजेंटों ने पैसा लौटा दिया तो ठीक नहीं तो एजेंसी का लाइसेंस कैंसिल करवाकर और ट्रैवल एजेंट को गिरफ्तार किया जाएगा।
पीड़ितों ने सरदार हरजिंदर सिंह नलवा फेडरेशन के नेतृत्व में पुलिस को अपनी शिकायतें सौंपी। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि जालंधर और आसपास के इलाकों में फर्जी वीजा और विदेश भेजने के नाम पर 150 से भी अधिक शिकायतें हैं, जिनमें करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी हुई है। दो कहानियों से समझें ट्रैवल एजेंटों की धोखाधड़ी
केस 1
डेढ़ साल से दफ्तरों के चक्कर काट रही फगवाड़ा की सलीम बेगम फगवाड़ा निवासी पीड़ित सलीम बेगम ने दावा किया उन्होंने करीब 2 साल पहले वीजा किंग नामक ऑफिस के माध्यम से अपनी फाइल लगवाई थी और उन्हें सवा दो लाख रुपए का भुगतान किया था। हालांकि, एजेंसी ने फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उन्हें कोई वैध कागज नहीं दिया। उन्होंने पिछले डेढ़ महीने पहले भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सलीम बेगम का कहना है कि अब एजेंट उन्हें खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि वे जहां चाहें शिकायत कर लें, लेकिन उनके पैसे वापस नहीं किए जाएंगे। आखिरकार मजबूर होकर उन्हें फेडरेशन के सहयोग से दोबारा अधिकारियों के सामने गुहार लगानी पड़ी। केस 2
ढाई साल से परेशान हैं सोम दाता, राजीनामे के बाद भी नहीं मिले पैसे एक अन्य पीड़ित सोम दाता ने बताया कि उन्होंने जंडियाला के गहेरी मंडी स्थित दफ्तर चलाने वाले ट्रैवल एजेंट दविंदर सिंह उर्फ सोनू (दविंदर सिंह डंडेवाल) को 85,000 रुपये दिए थे। पीड़ित का कहना है कि डेढ़ साल से वे ब्याज भर रहे हैं और उनके बच्चे बेहद परेशान हैं। पूर्व में SSP ऑफिस में शिकायत देने पर पुलिस ने 50,000 रुपये में राजीनामा करवा दिया था और एजेंट ने एक महीने बाद किस्तों में पैसे देने का वादा किया था। लेकिन कोई भुगतान नहीं किया गया। बार-बार थाने और पुलिस अफसरों के चक्कर काटने के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो वे हरजिंदर सिंह नलवा फेडरेशन के साथ एकजुट होकर न्याय की मांग करने पहुंचे। सरदार हरजिंदर सिंह नलवा फेडरेशन के साथ पहुंचे लोग
हरजिंदर सिंह नलवा फेडरेशन के प्रतिनिधि भूपिंदर सिंह ने बताया कि 2 दिन पहले नामी ट्रैवल एजेंसी के बाहर हुए हंगामे के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि सभी पीड़ित अपनी शिकायतें दर्ज कराएं। इसके बाद सुबह से ही फरियादियों का तांता लगा रहा। दोपहर तक ही 150 के करीब लिखित शिकायतें पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जा चुकी थीं। भूपिंदर सिंह ने बताया कि जालंधर में सक्रिय 100 में से लगभग 90 से 95 फीसदी ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ लोगों की शिकायतें हैं। उन्होंने कहा कि लिखने बैठे तो शिकायतों का एक बड़ा पुलिंदा बन गया है और यह फर्जीवाड़ा करोड़ों रुपए में है।
पुलिस का आश्वासन: जांच के बाद होगी FIR
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात के बाद फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रशासन ने सभी पीड़ितों को एक-एक करके बुलाने और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोपी एजेंट पीड़ितों के पैसे वापस नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ तुरंत मामला दर्ज (FIR) कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *