![]()
हांसी पुलिस ने भैंस चोरी के प्रयास और पशुपालक से मारपीट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की है। इस मामले में थाना बास की सोरखी चौकी पुलिस ने एक और आरोपी सादिक पुत्र लियाकत, निवासी पठेड़, कैराना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सादिक को करनाल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर हांसी लाकर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने घटना में उसकी भूमिका और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई। रिमांड पूरा होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दोबारा करनाल जेल भेज दिया गया। पशुपालक को पीटा, मौके पर पशु छोड़ भागे यह मामला 8 और 9 फरवरी की रात का है। गांव सोरखी निवासी उमेद सिंह के पशु बाड़े में 4-5 बदमाश घुस आए थे। वे भैंसों को पिकअप में लादकर चोरी करने लगे। उमेद सिंह ने विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। ग्रामीणों के जागने की आहट पाकर बदमाश भैंसों को मौके पर छोड़कर पिकअप सहित भाग गए थे। तीन आरोपी पहले पकड़े जा चुके उमेद सिंह की शिकायत पर थाना बास में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब सादिक की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।
Source link
हांसी पुलिस ने भैंस चोरी गिरोह का चौथा आरोपी पकड़ा:2 दिन के रिमांड पर; पशु चोरी में पशुपालक को पीटा था
