![]()
अमृतसर में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले अटारी के सरपंच हरप्रीत सिंह हैप्पी और कांग्रेस कार्यकर्ता सनी सिंह पर कथित हमले का मामला राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला सरपंच हैप्पी और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बॉर्डर रेंज के आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर से मिले। उन्होंने आईजी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ितों को सुरक्षा देने की मांग की। सांसद औजला ने आरोप लगाया कि नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने और पुलिस को जानकारी देने वाले लोगों को ही निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता एसएसपी और संबंधित पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों का घेराव करेंगे। सरपंच बोले- गांव के लोगों ने उन्हें नशे के खिलाफ काम करने के लिए चुना है सरपंच हरप्रीत सिंह हैप्पी ने दावा किया कि गांव के लोगों ने उन्हें नशे के खिलाफ काम करने के लिए चुना है। उन्होंने बताया कि एक बार ड्रोन के जरिए नशे की खेप पहुंचने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे थे और ड्रोन पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। सरपंच का आरोप है कि इसके बाद नशे की खेप से जुड़े लोगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि उन पर ही दबाव बनाया जाने लगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनसे वीडियो डिलीट करने के लिए कहा गया। औजला ने कहा कि सरपंच और उनके साथी लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रिश्वत और कथित मिलीभगत के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यदि चुना हुआ सरपंच ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। औजला ने संगरूर में मुख्यमंत्री भगवंत मान का विरोध करने वाले युवक के साथ कथित पुलिस मारपीट का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है।उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पंजाब यात्रा की भी तैयारियां चल रही हैं और अमृतसर से दौरे की शुरुआत होने की संभावना है।
Source link
अमृतसर में सरपंच पर हमले का मामला गरमाया:औजला ने IG से की मुलाकात; बोले- नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को बनाया जा रहा निशाना
