एक लाख रुपए के इनामी शार्प शूटर सत्यम का वीडियो सामने आया है। इनसेट में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की फाइल फोटो।
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में एक लाख रुपए के इनामी शार्प शूटर सत्यम का वीडियो सामने आया है। इसमें वह धमकी देते हुए सुनाई दे रहा है-
.
आने वाले समय में भाई दो मर्डर होंगे, ठीक है। और कोई उन्हें बचा सकता हो तो बचा लेना भाई। मारेंगे तो मारेंगे भाई, छोड़ेंगे नहीं।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अंकित के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही वीडियो की सत्यता और इसे पोस्ट करने वाले की पहचान की जांच शुरू कर दी गई है। इसके लिए अंकित बालियान के 12 दोस्तों ने भी परिवार को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अंकित हत्याकांड के दो शूटरों सुमित (24) और मोहित (22) को यूपी पुलिस ने चार दिन पहले मुठभेड़ में मार गिराया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम था। वहीं, दो आरोपी सत्यम और आर्यन अब भी फरार हैं। दोनों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम है। 26 अगस्त की शाम शामली में जिम से बाहर निकलते समय अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

इसी आईडी से वीडियो को पोस्ट किया गया है। वीडियो पोस्ट करने के कुछ देर बाद ही उसे डिलीट कर दिया गया है।

यह तस्वीर शूटर सत्यम की है। ये तस्वीरें उसने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट की हैं। सत्यम अभी फरार है और उस एक लाख रुपए का इनाम है।
इंस्टाग्राम पर डाली गई 17 सेकेंड की वीडियो पोस्ट
बुधवार को इंस्टाग्राम पर ‘kady.4nsatyam’ नाम की आईडी से 17 सेकेंड का एक वीडियो पोस्ट किया गया। इसमें हत्याकांड के आरोपी शूटर सत्यम की फोटो लगी है। वीडियो में उसकी आवाज में ऑडियो चल रहा है। इसमें वह कहता सुनाई दे रहा है- ‘आने वाले समय में भाई दो मर्डर होंगे, ठीक है। और कोई उन्हें बचा सकता हो तो बचा लियो भाई, मारेंगे तो मारेंगे भाई, छोड़ेंगे नहीं।’
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस चौकन्नी हो गई। जांच में इंस्टाग्राम, स्नैपचैट समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सत्यम, आर्यन और गोगी गिरोह के नाम से 20 से अधिक अकाउंट सामने आए। इन अकाउंट से लगातार वीडियो पोस्ट किए जा रहे हैं। पुलिस सभी अकाउंट की गतिविधियों की जांच कर रही है। इन्हें संचालित करने वालों की पहचान का प्रयास कर रही है।

शूटर सत्यम कादियान की उम्र 18-19 साल के करीब है। वह कारोबारी फैमिली से है। वहीं, दूसरा शूटर आर्यन संधू (20) पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा है।
धमकी और आगे के एक्शन पर पुलिस ने दी जानकारी…
- हरियाणा से पहुंचे 12 दोस्तों ने किया सतर्क : मंगलवार को हरियाणा से अंकित के करीब 12 दोस्त बंतीखेड़ा गांव पहुंचे थे। उन्होंने अंकित के पिता सतबीर सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। दोस्तों ने परिवार को सतर्क रहने की सलाह दी और आशंका जताई कि गिरोह की ओर से परिवार को भी निशाना बनाया जा सकता है। सतबीर सिंह ने दोस्तों से कहा कि वह अपना बेटा खो चुके हैं। ऐसे में सभी लोग अपना ध्यान रखें और सावधानी बरतें।
- जेल में बंद आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी : हत्याकांड की जांच में पुलिस अब जेल में बंद आरोपियों से भी पूछताछ करेगी। करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू और दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रोहित को रिमांड पर लेने के लिए पुलिस 7 सितंबर को अदालत में अर्जी दाखिल करेगी। एएसपी सुमित के मुताबिक, रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में हत्याकांड से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
- हरियाणा के साथ चंडीगढ़ और पंजाब में भी दबिश : वांछित शूटरों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस की एक टीम चंडीगढ़ एयरपोर्ट भी पहुंची और परिसर के साथ आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके अलावा करनाल, पानीपत, सोनीपत और पंजाब में भी पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
- आर्यन का पासपोर्ट एक्सपायर, सत्यम के संपर्कों की जांच : जांच में सामने आया है कि आर्यन का पासपोर्ट एक्सपायर हो चुका था और वह इसे रिन्यू कराने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने करनाल पहुंचकर दोनों शूटरों के बारे में जानकारी जुटाई है। सत्यम से जुड़े लोगों और उसकी पुरानी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को कई संदिग्धों के घरों पर ताले मिले हैं। इनके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

26 अगस्त को हुई थी अंकित की हत्या
26 अगस्त की शाम 32 साल के सिंगर अंकित बालियान शामली में जिम करके निकले थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें घेरकर 18 राउंड फायरिंग की। गोली लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी बोले- जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी
शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया-
बालियान परिवार की सुरक्षा में चार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। आरोपियों की कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


सुमित-मोहित के एनकाउंटर को बताया हत्या
उधर, गायक अंकित बालियान हत्याकांड के बाद गुरुवार शाम इंस्टाग्राम पर भोलू शाहपुरिया के नाम से बनी आईडी से एक पोस्ट सामने आई। इसमें दावा किया गया कि पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अंकित बालियान के दो आरोपी सुमित और मोहित का एनकाउंटर नहीं हुआ, बल्कि उनकी हत्या की गई है।
पोस्ट के मुताबिक, दोनों भाइयों को 30 अगस्त की रात पंजाब के अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पास एक होटल से उठाया गया। बाद में शामली लाकर उनकी हत्या कर दी गई। इसमें अंकित बालियान को निर्दोष बताए जाने पर भी सवाल उठाए गए और पोस्ट के अंत में ‘गोगी भाई’ लिखा गया।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्ट की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इंस्टाग्राम आईडी वास्तव में भोलू शाहपुरिया की है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम से बनाई है। इससे पहले 27 अगस्त को भी इसी नाम से अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट सामने आई थी।
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया था कि वह पोस्ट कनाडा में बैठे चिराग और अमेरिका में बैठे मोंटी ने भोलू शाहपुरिया के नाम से की थी। अब पुलिस दोबारा सामने आई पोस्ट के स्रोत और इसे करने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए तकनीकी जांच कर रही है।

————————————
ये खबर भी पढ़ेंः-
सिंगर हत्याकांड के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर:20 राउंड गोलीबारी, हरियाणा भाग रहे थे; अंकित के पिता बोले- आधा इंसाफ मिला, आधा बाकी

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के 2 शूटरों को यूपी पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शूटर बाइक से शामली से सोनीपत (हरियाणा) की तरफ भाग रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को घेर लिया। पढ़ें पूरी खबर…
