![]()
उज्जैन के माधव नगर अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए एक नया उद्यान बनाया गया है। नगर निगम ने इसे महापौर मद से करीब 10 लाख रुपए की लागत से तैयार किया है। शुक्रवार को महापौर मुकेश टटवाल ने इस उद्यान का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाएं देखीं। यह उद्यान इसलिए बनाया गया है ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों के परिजन कुछ देर आराम कर सकें। अस्पताल के व्यस्त माहौल के बीच उन्हें साफ, सुंदर और शांत जगह मिल सके, इसका खास ध्यान रखा गया है। उद्यान में बैठने के लिए कुर्सियां, पेवर ब्लॉक, हरी घास, फाउंटेन, वॉल पेंटिंग और अच्छी लाइटिंग लगाई गई है। पानी बचाने के लिए यहां रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाया गया है। इस उद्यान के बनने से अस्पताल परिसर का रूप बदल गया है। अब यहां आने वाले लोगों को बैठने के लिए खुली और व्यवस्थित जगह मिलेगी। नगर निगम के मुताबिक, सरकारी अस्पतालों में इलाज की सुविधाओं के साथ मरीजों और उनके परिजनों को अच्छा माहौल देना भी जरूरी है। यह पहल इसी दिशा में की गई है। निरीक्षण के दौरान महापौर टटवाल ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं देने के साथ-साथ उन्हें साफ, सुंदर और आरामदायक माहौल देना भी उनकी प्राथमिकता है।
Source link
अस्पताल में मरीजों के परिजनों को मिला सुकून का ठिकाना:महापौर टटवाल ने किया निरीक्षण, 10 लाख रुपए की लागत से बना सुविधायुक्त उद्यान
